वॉटर पार्क में जाने से पहले हो जाएं सावधान, ये गलतियां आपकी ट्रिप का मजा कर सकती हैं किरकिरा

Water Park Tips: वॉटर पार्क की ट्रिप तभी यादगार बनती है, जब आप वहां जाने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें. थोड़ी सी समझदारी और सही तैयारी न सिर्फ आपका एक्सपीरियंस बेहतर बनाएगी, बल्कि पूरे दिन का मजा भी दोगुना कर देगी.

Water Park Tips: गर्मियों के इन दिनों में जब हम अपने दोस्तों और परिवार वालों के साथ वॉटर पार्क जाते हैं, तो इसका मजा ही कुछ और होता है. पानी की ठंडी-ठंडी बौछारें और फन स्लाइड्स किसी का भी मूड फ्रेश कर सकता है. लेकिन अगर आप पहली बार वॉटर पार्क जा रहे हैं, तो कुछ छोटी-छोटी गलतियां आपके पूरे मूड को खराब कर सकती है. पहली बार की ट्रिप को अगर आप यादगार बनाना चाहते हैं, तो आपको कुछ खास बातों का ख्याल जरूर रखना चाहिए. आज इस आर्टिकल में हम आपको कुछ ऐसी ही गलतियों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें आपको पहली बार वॉटर पार्क जाते समय करने से बचना चाहिए.

गलत कपड़ों का चुनाव करना

वॉटर पार्क में सबसे बड़ी गलती लोग अपने पहनावे या फिर कपड़ों को लेकर करते हैं. कई लोग जींस, कॉटन की टी-शर्ट या हैवी कपड़े पहनकर चले जाते हैं. वॉटर पार्क जाने से पहले आपको यह पता होना चाहिए कि वॉटर पार्क के भी अपने नियम होते हैं और वहां सिर्फ नायलॉन या सिंथेटिक कपड़े ही चलते हैं. बता दें कॉटन के कपड़े पानी सोखकर भारी हो जाते हैं, जिससे स्लाइड्स पर फिसलने में दिक्कत होती है और चोट लगने का डर भी रहता है. इसलिए, घर से निकलते समय ही सही स्विमवियर साथ रखें या पहनकर जाएं.

सनस्क्रीन का इस्तेमाल नहीं करना

पानी में मस्ती करते समय हमें धूप का अंदाजा नहीं लगता है, लेकिन सूरज की तेज किरणें इस समय भी आपकी स्किन को बुरी तरह नुकसान पहुंचा सकती हैं. लोग अक्सर सोचते हैं कि पानी में रहने से धूप नहीं लगेगी, जो कि बिल्कुल गलत है. वॉटर पार्क में कुछ घंटे बिताने के बाद आपको तेज सनबर्न या स्किन टैनिंग हो सकती है. इससे बचने के लिए घर से निकलने से पहले और पार्क में हर दो घंटे बाद एक अच्छा वॉटरप्रूफ सनस्क्रीन जरूर लगाएं.

कीमती चीजें साथ लेकर आना

वॉटर पार्क में हर तरफ सिर्फ पानी ही पानी होता है. ऐसे में अगर आप अपने साथ महंगे फोन, सोने के गहने, महंगी घड़ियां या ज्यादा कैश लेकर जाते हैं तो यह आपके लिए एक बड़ी मुसीबत बन सकता है. हालांकि, हर पार्क में लॉकर की फैसिलिटी होती है, लेकिन फिर भी सामान खोने या पानी से खराब होने का डर बना रहता है. आपके लिए सबसे बेहतर होगा कि आप अपने साथ ज्यादा कीमती चीजों को लेकर न जाएं. अगर फोन ले जाना जरूरी है, तो एक अच्छा वॉटरप्रूफ पाउच घर से ही खरीदकर साथ ले जाएं.

वॉटर पार्क के रूल्स को नजरअंदाज करना

हर वॉटर पार्क में सिक्योरिटी को लेकर के कुछ जरूरी रूल्स होते हैं, जैसे कि किस स्लाइड पर कितनी हाइट के लोग जा सकते हैं या स्लाइडिंग की सही पोजीशन क्या होनी चाहिए. पहली बार जाने वाले लोग अक्सर एक्साइटमेंट में आकर इन रूल्स पर ध्यान नहीं देते. बता दें आपके लिए लाइफगार्ड्स के इंस्ट्रक्शन को न मानना हानिकारक साबित हो सकता है. किसी भी स्लाइड पर जाने से पहले वहां लिखे इंस्ट्रक्शन को ध्यान से पढ़ें, ताकि आप किसी भी तरह की दुर्घटना या चोट से बचे रह सकें.

खान-पान और पानी की कमी को नजरअंदाज करना

पानी के अंदर लगातार रहने और भागदौड़ करने की वजह से शरीर बहुत जल्दी थक जाता है. लोग सोचते हैं कि वे पानी में हैं तो उन्हें प्यास नहीं लगेगी, लेकिन धूप और फिजिकल एक्टिविटी के कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है. इसके अलावा, पार्क के अंदर जाने से ठीक पहले बहुत हैवी खाना खाने से बचें, क्योंकि इससे स्लाइड्स पर चक्कर या उल्टी आ सकती है. खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए बीच-बीच में नॉर्मल पानी, जूस या ग्लूकोज पीते रहें.

ये भी पढ़ें: रात में बार-बार टूटती है नींद? सोने से पहले बदलें ये 5 आदतें, आएगी घोड़े बेचकर नींद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saurabh Poddar

सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन विषयों पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की भाषा में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और एसईओ फ्रेंडली होते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >