Parenting Tips: हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा उनसे हर बात खुलकर साझा करे. लेकिन अक्सर ऐसा होता है कि स्कूल से लौटने के बाद बच्चे सिर्फ "सब ठीक था" कहकर बात खत्म कर देते हैं. ऐसे में कई माता-पिता परेशान हो जाते हैं. अगर आप चाहते हैं कि आपका बच्चा आपसे दोस्त की तरह बातें करे, तो रोज की कुछ छोटी-छोटी आदतें आपके रिश्ते को मजबूत बना सकती हैं.
1. घर आते ही सवालों की जगह प्यार दें
बच्चा स्कूल में कई घंटे बिताकर घर लौटता है. वह मानसिक और शारीरिक रूप से थका हुआ हो सकता है. इसलिए आते ही उससे सवालों की झड़ी लगाने के बजाय प्यार से उसका स्वागत करें. उसे गले लगाएं, मुस्कुराकर बात करें और महसूस कराएं कि घर उसके लिए सबसे सुरक्षित जगह है.
2. उसकी पसंद की गतिविधि में शामिल हों
अगर बच्चा स्कूल से आकर ड्रॉइंग बना रहा है, खेल रहा है या कोई गाना सुन रहा है, तो कुछ मिनट उसके साथ बिताएं. बिना पूछताछ किए उसके साथ समय बिताने से वह सहज महसूस करता है और धीरे-धीरे खुद बातें करने लगता है.
3. सही समय पर बातचीत करें
हर बात पूछने का समय जरूरी होता है। बच्चे के थोड़ा आराम करने, खाना खाने या खेलने के बाद आराम से बातचीत शुरू करें. ऐसे समय में वह ज्यादा खुलकर अपनी बातें बता सकता है.
4. ध्यान से सुनें, बीच में न टोकें
जब बच्चा कोई बात बता रहा हो, तो उसे पूरा बोलने दें. बीच में डांटना, सलाह देना या उसकी बात काटना सही नहीं है. जब बच्चे को लगेगा कि उसकी बात ध्यान से सुनी जा रही है, तो उसका भरोसा और बढ़ेगा.
5. रोज थोड़ा समय सिर्फ बच्चे के लिए निकालें
हर दिन 10–15 मिनट बिना मोबाइल या किसी दूसरे काम के सिर्फ बच्चे के साथ बिताएं. यह समय खेलने, कहानी सुनने या सामान्य बातचीत का हो सकता है. इससे बच्चा भावनात्मक रूप से आपके करीब महसूस करेगा और अपनी बातें छिपाने के बजाय आपसे साझा करेगा.
बच्चों के साथ मजबूत रिश्ता बनाने के लिए महंगे तोहफों की नहीं, बल्कि समय, प्यार और भरोसे की जरूरत होती है. छोटी-छोटी अच्छी आदतें आपके और बच्चे के बीच दोस्त जैसा रिश्ता बनाने में मदद कर सकती हैं.
यह भी पढ़ें: बारिश में हॉस्टल में रहने वाली लड़कियां हो जाएं सावधान, ये छोटी-सी लापरवाही बढ़ा सकती है UTI और इंफेक्शन का खतरा
