तीज पर घर में बनाएं मावा वाली गुजिया, स्वाद ऐसा कि एक पीस से नहीं भरेगा मन

Mawa Gujiya Recipe: तीज के मौके पर बनाएं क्रिस्पी और टेस्टी मावा गुजिया. जानें मैदा गूंथने से लेकर मावे की परफेक्ट फिलिंग और तलने के आसान स्टेप्स.

Mawa Gujiya Recipe: तीज का त्योहार आते ही घर में पूजा-पाठ के साथ स्वादिष्ट पकवानों की तैयारी भी शुरू हो जाती है. इस दिन महिलाएं व्रत और पूजा के साथ परिवार के लिए कई तरह की मिठाइयां और पकवान बनाती हैं.

अगर आप भी तीज के मौके पर घर पर कुछ मीठा बनाने का सोच रही हैं, तो मावा वाली गुजिया (Mawa Gujiya Recipe) एक बढ़िया विकल्प है. बाहर से कुरकुरी और अंदर से मुलायम मावे की भरावन वाली गुजिया खाने में बेहद स्वादिष्ट लगती है. इसे बनाना भी बहुत मुश्किल नहीं है. थोड़ी-सी तैयारी के साथ आप इसे घर पर आसानी से बना सकती हैं.

PC: AI Generated

Mawa Gujiya Recipe: मावा गुजिया बनाने के लिए सामग्री

  • 2 कप मैदा
  • 4 बड़े चम्मच घी
  • जरूरत के अनुसार पानी
  • 250 ग्राम मावा
  • ½ कप पिसी हुई चीनी
  • ½ कप बारीक कटे काजू-बादाम
  • 2 बड़े चम्मच किशमिश
  • ½ चम्मच इलायची पाउडर
  • 2 बड़े चम्मच नारियल का बुरादा (ऑप्शनल)
  • गुजिया तलने के लिए तेल या घी

यह भी पढ़ें: रक्षाबंधन पर मेहमानों के लिए बनाएं ये 5 झटपट स्नैक्स, स्वाद चखते ही पूछेंगे रेसिपी

PC: Freepik

Mawa Gujiya Recipe: ऐसे बनाएं मावा की स्वादिष्ट गुजिया

1

गुजिया बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा छान लें. अब इसमें घी डालकर दोनों हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. आटे में घी सही मात्रा में मिला है या नहीं, यह देखने के लिए थोड़ा-सा मैदा हथेली में लेकर दबाएं. अगर मैदा दबाने पर आसानी से बंध जाए, तो समझिए मोयन सही है.

2

अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. गुजिया के लिए आटा रोटी के आटे जितना नरम नहीं होना चाहिए. आटे को गूंथने के बाद गीले कपड़े से ढककर करीब 20 मिनट के लिए रख दें.

3

अब गुजिया के लिए मावे की फिलिंग तैयार करने की बारी है. इसके लिए एक कड़ाही को गैस पर रखें और उसमें मावा डालकर धीमी आंच पर भूनें. मावे को लगातार चलाते रहें, ताकि वह नीचे से चिपके नहीं. जब मावा हल्का सुनहरा होने लगे और उसकी नमी काफी कम हो जाए, तो गैस बंद कर दें.

4

मावे को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसमें पिसी हुई चीनी, कटे हुए काजू-बादाम, किशमिश और इलायची पाउडर डालें. चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ा नारियल भी मिला सकती हैं. सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें. ध्यान रखें कि गर्म मावे में चीनी न मिलाएं, वरना भरावन पतली हो सकती है.

5

अब आटे को एक बार फिर हल्के हाथों से गूंथ लें और इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. हर लोई को बेलकर छोटी पूरी के आकार में तैयार करें. इसके बीच में एक से डेढ़ चम्मच मावे की भरावन रखें. अब पूरी को आधा मोड़कर किनारों को उंगलियों से अच्छी तरह दबा दें.

6

आप चाहें तो किनारों को मोड़कर पारंपरिक डिजाइन भी बना सकती हैं या गुजिया के लिए मिलने वाले सांचे की मदद ले सकती हैं. बस इस बात का ध्यान रखें कि किनारे अच्छी तरह बंद हों, वरना तलते समय भरावन बाहर निकल सकती है.

7

अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें. तेल बहुत ज्यादा तेज गर्म नहीं होना चाहिए. गुजिया डालने से पहले आंच को मध्यम से धीमा रखें. एक साथ बहुत ज्यादा गुजिया डालने के बजाय थोड़ी-थोड़ी करके तलें.

8

गुजिया को धीरे-धीरे पलटते रहें, ताकि दोनों तरफ से एक जैसा सुनहरा रंग आए. जब गुजिया हल्की सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो इन्हें निकालकर पेपर टॉवल पर रख दें. इसी तरह बाकी गुजिया भी तैयार कर लें.

ऐसे सर्व करें मावा वाली गुजिया

मावा गुजिया को आप हल्का गर्म या पूरी तरह ठंडा होने के बाद सर्व कर सकती हैं. चाहें तो ऊपर से थोड़े कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालकर सजाया जा सकता है. घर पर बनी ताजी गुजिया का स्वाद चाय या दूध के साथ भी काफी अच्छा लगता है.

यह भी पढ़ें: कुणाल कपूर की स्टाइल में बनाएं मूंग दाल की सॉफ्ट इडली, नाश्ते के लिए है परफेक्ट


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By स्मिता दे

स्मिता दे प्रभात खबर में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम कर रही हैं. बुक्स पढ़ना, डांसिंग और ट्रैवलिंग इनकी रुचि है. ये लाइफस्टाइल, फूड, हेल्थ और ट्रेंडिंग टॉपिक्स कवर करती है. रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी उपयोगी और रोचक जानकारी रीडर्स तक पहुंचाना इन्हें पसंद है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >