Switch Board Cleaning Tips: घर की रोजाना सफाई में फर्श, टेबल और फर्नीचर तो साफ हो जाते हैं, लेकिन स्विच बोर्ड पर अक्सर ध्यान नहीं जाता. धीरे-धीरे इन पर धूल, उंगलियों के निशान और पीलेपन की परत जम जाती है. इससे पूरा कमरा साफ होने के बाद भी स्विच बोर्ड गंदे दिखते हैं. अच्छी बात यह है कि इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनर की जरूरत नहीं है. घर में रखी कुछ साधारण चीजों से ही इन्हें आसानी से साफ किया जा सकता है.
सफेद टूथपेस्ट से करें सफाई
अगर स्विच बोर्ड पर हल्की गंदगी या पीलेपन के निशान हैं, तो साधारण सफेद टूथपेस्ट इस्तेमाल कर सकते हैं. एक पुराने टूथब्रश पर थोड़ा-सा टूथपेस्ट लगाएं और स्विच बोर्ड को हल्के हाथ से साफ करें. इसके बाद सूखे और साफ कपड़े से पोंछ दें. इससे स्विच बोर्ड पहले से ज्यादा साफ दिखाई देगा. ध्यान रखें कि जेल वाले टूथपेस्ट की जगह साधारण सफेद टूथपेस्ट का ही इस्तेमाल करें.
नींबू और नमक भी आएंगे काम
अगर स्विच बोर्ड पर ज्यादा गंदगी जमा हो गई है, तो नींबू और नमक का इस्तेमाल किया जा सकता है. आधे कटे नींबू पर थोड़ा-सा नमक लगाएं और उससे हल्के हाथों से स्विच बोर्ड साफ करें. इसके बाद सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ दें. इससे जमी हुई गंदगी साफ करने में मदद मिलती है.
नेल पॉलिश रिमूवर से हटाएं जिद्दी दाग
अगर स्विच बोर्ड पर स्याही, काले निशान या पुराने दाग हैं, तो थोड़ी-सी नेल पॉलिश रिमूवर कॉटन पर लें और दाग वाली जगह को धीरे-धीरे साफ करें. इसका इस्तेमाल बहुत कम मात्रा में करें. पहले किसी छोटी जगह पर जांच लें, ताकि प्लास्टिक की सतह को कोई नुकसान न हो.
सफाई करते समय रखें इन बातों का ध्यान
स्विच बोर्ड साफ करने से पहले उस जगह की बिजली बंद कर दें. हमेशा सूखे हाथों से ही सफाई करें. गीले कपड़े या ज्यादा पानी का इस्तेमाल न करें. अगर नींबू का रस या नेल पॉलिश रिमूवर लगाया है, तो पहले स्विच बोर्ड को पूरी तरह सूखने दें. इसके बाद ही बिजली चालू करें. साथ ही गीले हाथों या नंगे पैर कभी भी स्विच बोर्ड या बिजली के सामान को न छुएं. इससे आपकी सुरक्षा बनी रहती है.
यह भी पढ़ें: Cleaning Tips: बिना थके और परेशान हुए कैसे करें घर की बेहतर सफाई? ये स्मार्ट ट्रिक्स जरूर आएंगे आपके काम
