Quick Dinner Recipes: आज की बिजी लाइफस्टाइल में ऑफिस के कामों, घर की जिम्मेदारियों और बच्चों की देखभाल के बीच अक्सर हम अपनी डाइट को नजरअंदाज कर देते हैं. पूरे दिन की थकावट के बाद जब हम रात को थककर घर वापस आते हैं, तो किचन में घंटों खड़े होकर खाना बनाने का मन बिल्कुल भी नहीं करता है. इस समय या तो हम बाहर से अनहेल्दी फास्ट फूड ऑर्डर कर लेते हैं या फिर बिना मन के कुछ भी खा लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बिना ज्यादा मेहनत और समय बर्बाद किए भी आप बेहद ही टेस्टी और न्यूट्रिशियस डिनर आसानी से तैयार कर सकते हैं? अगर नहीं, तो आज हम आपको इस आर्टिकल में 5 ऐसी हेल्दी और आसान डिनर रेसिपीज के बारे में बताने वाले हैं, जो सिर्फ 30 मिनट या फिर उससे भी कम समय में बनकर तैयार हो जाती हैं। चलिए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं.
मसाला सोया चंक्स फ्राई
सोयाबीन प्रोटीन का एक बहुत ही बढ़िया और सस्ता सोर्स है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले सोया चंक्स को 5 से 10 मिनट के लिए गर्म पानी में भिगोकर रख दें, फिर उनका पानी निचोड़ लें. इसके बाद एक कढ़ाई में एक चम्मच तेल गरम करें और उसमें जीरा, कटी हुई प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और टमाटर डालकर भून लें. इसके बाद इसमें हल्दी, धनिया पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालें. अब सोया चंक्स डालकर तेज आंच पर 5 मिनट के लिए टॉस करें. लास्ट में ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डालकर सर्व करें. यह प्रोटीन से लोडेड डिनर सिर्फ 20 मिनट में तैयार हो जाता है.
ये भी पढ़ें: रात की भूख भी मिटेगी और वजन भी नहीं बढ़ेगा, डिनर में शामिल करें ये 5 सुपर लो कैलोरी फूड्स
इंस्टेंट सूजी-बेसन चीला
यह रेसिपी न सिर्फ लाइट है बल्कि पेट को लंबे समय तक भरा रखती है. इसे तैयार करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में आधा कप बेसन और आधा कप सूजी लें. अब इसमें थोड़ा सा दही और पानी मिलाकर एक मीडियम गाढ़ा घोल यानी कि बैटर तैयार कर लें. इसके बाद इस घोल में अपनी पसंद की सब्जियां जैसे कद्दूकस की हुई गाजर, बारीक कटी शिमला मिर्च, प्याज और हरी मिर्च मिला दें. अब नमक और अजवाइन डालकर अच्छे से सभी चीजों को मिक्स करें. इसके बाद नॉन-स्टिक तवे पर हल्का सा तेल लगाकर इस बैटर को फैलाएं और दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेक लें. इसे पुदीने की चटनी के साथ सर्व करें और पूरे परिवार के साथ एन्जॉय करें.
क्रीमी गार्लिक मशरूम
अगर आपको रेस्टोरेंट जैसा टेस्ट चाहिए वो भी कम मेहनत में, तो गार्लिक मशरूम सबसे बेस्ट चॉइस है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले मशरूम को अच्छे से धोकर टुकड़ों में काट लें. अब एक पैन में थोड़ा सा बटर या ऑलिव ऑयल गरम करें. इसके बाद इसमें ढेर सारा बारीक कटा हुआ लहसुन डालकर हल्का सा भूनें. इसके बाद इसमें मशरूम डालें और तेज आंच पर पकाएं ताकि मशरूम अपना पानी छोड़ दे और वह पूरी तरह से ड्राई हो जाए. लास्ट में स्वादानुसार नमक, कुटी हुई काली मिर्च और मिक्स हर्ब्स या ऑरेगैनो मिक्स करें. आप अगर चाहें तो लास्ट में एक चम्मच फ्रेश क्रीम या लो-फैट क्रीम भी मिला सकते हैं। इसे आप रोस्टेड ब्रेड के साथ खा सकते हैं.
ये भी पढ़ें: बिना प्याज-लहसुन के भी बन सकता है लाजवाब डिनर, ट्राई करें ये 3 टेस्टी रेसिपीज जिन्हें हर कोई करेगा पसंद
नमकीन हरी मूंग दाल की चाट
यह डिनर उन लोगों के लिए बेस्ट है जो रात में बहुत लाइट और बिना तेल-मसाले का खाना पसंद करते हैं. इसे बनाने के लिए साबुत हरी मूंग की दाल को उबाल लें. इस बात का ख्याल रखें कि दाल ज्यादा गले नहीं, खड़ी-खड़ी रहे. अब एक बड़े बर्तन में इस उबली हुई दाल को निकालें और फिर इसमें बारीक कटा हुआ खीरा, टमाटर, प्याज, और उबला हुआ आलू मिलाएं. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें भुना हुआ जीरा पाउडर, चाट मसाला, काला नमक और ढेर सारा नींबू का रस निचोड़ें. यह फाइबर और प्रोटीन से भरपूर एक ऐसा डिनर है जिसे बनाने में सिर्फ 15 मिनट लगते हैं.
क्विक पनीर काठी रोल
यह एक ऐसा डिश है जो बच्चों और बड़ों दोनों को ही बेहद पसंद आता है. अगर दोपहर की गूंथी हुई गेहूं की रोटी बची है, तो यह काम और भी आसान हो जाता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में थोड़ा सा तेल लें, उसमें लंबी कटी हुई शिमला मिर्च और प्याज को तेज आंच पर एक मिनट भूनें. ऐसा करने से इसका क्रंच बरकरार रहता है. इसके बाद इसमें लंबे कटे हुए पनीर के टुकड़े, थोड़ी सी हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालें. अब रोटी पर हरी चटनी या थोड़ा सा केचप लगाएं और फिर तैयार पनीर-सब्जी का मिक्चर बीच में रखें और रोल कर दें। अब इसे तवे पर हल्का सा सेक लें.
ये भी पढ़ें: घर में रखे उबले आलू से मिनटों में बनाएं ये 5 चटपटे स्नैक्स, स्वाद ऐसा कि हर कोई हो जाएगा आपका फैन
