Parenting Tricks: बच्चों को पालना जितना प्यारा अनुभव है, उतना ही कई बार चुनौती भरा भी होता है. छोटी-छोटी बातों पर बच्चे जिद करने लगते हैं, बात नहीं मानते या बार-बार वही सवाल पूछते हैं. ऐसे में माता-पिता अक्सर हर बात समझाने और लंबी-लंबी बातें करने लगते हैं.
लेकिन हर बार बच्चे को समझाते रहना जरूरी नहीं होता. कई बार आपका तरीका बदलने (Parenting Tricks) से बच्चा बिना बहस किए बात समझ जाता है. अगर आप भी रोज की ऐसी ही परेशानियों से गुजर रहे हैं, तो ये 5 आसान पेरेंटिंग ट्रिक्स आजमा सकते हैं.
1. हर बात पर तुरंत जवाब न दें
बच्चा कोई ऐसी बात करे जिससे आपको गुस्सा आए, तो तुरंत डांटने या समझाने के बजाय कुछ सेकंड रुकें. कई बार बच्चा खुद ही अपना व्यवहार बदल लेता है. हर छोटी बात पर लंबी समझाइश देने से बच्चा सुनना भी बंद कर सकता है.
2. ऑप्शन देकर काम करवाएं
बच्चों को जबरदस्ती कोई काम करने के लिए कहना कई बार उन्हें पसंद नहीं आता. ऐसे में उन्हें दो छोटे विकल्प दें. इससे बच्चे को लगता है कि फैसला लेने में उसकी भी भूमिका है. जैसे आप पूछ सकती हैं, “पहले होमवर्क करोगे या पहले खाना खाओगे?” बच्चा जो विकल्प चुने, उसी हिसाब से आगे बढ़ें. इस तरीके से बेवजह की बहस कम हो सकती है.
यह भी पढ़ें: ब्रेकअप के बाद बार-बार आ रही है उसकी याद? मूवऑन के लिए करें ये काम
3. खुद करके दिखाएं (Parenting Tricks)
बच्चे सिर्फ आपकी बातें नहीं सुनते, वे आपको देखकर भी बहुत कुछ सीखते हैं. इसलिए हर बात समझाने के बजाय कई बार उसे खुद करके दिखाना ज्यादा असरदार होता है. अगर आप चाहती हैं कि बच्चा चीजें अपनी जगह पर रखे, तो रोज उसके सामने अपनी चीजें व्यवस्थित रखें.
4. कभी-कभी चुप रहना भी है जरूरी
बच्चा गुस्से में है और लगातार बहस कर रहा है, तो उसी समय उसे समझाने की कोशिश करने से मामला और बढ़ सकता है. ऐसे समय पर शांत रहना बेहतर होता है. बच्चे को थोड़ा समय दें ताकि वह खुद शांत हो सके. जब उसका गुस्सा कम हो जाए, तब आराम से उससे बात करें. इससे आपकी बात उसके समझने की संभावना ज्यादा रहती है.
5. छोटी बातों को नजरअंदाज करना सीखें
बच्चे हर समय बिल्कुल सही तरीके से व्यवहार करें, ऐसा जरूरी नहीं है. कुछ छोटी आदतें ऐसी होती हैं जिन्हें हर बार पकड़कर समझाने की जरूरत नहीं होती. अगर बच्चा सुरक्षित है और बात बहुत बड़ी नहीं है, तो कभी-कभी उसे नजरअंदाज (Parenting Tricks) करना भी ठीक रहता है.
यह भी पढ़ें: 15 से 18 साल के बच्चों से जरूर पूछें ये 5 सवाल, बढ़ेगा भरोसा और बेहतर होगी बॉन्डिंग
