मानसून में ऑइली स्किन कर रही है परेशान? अपनाएं ये आसान स्किन केयर टिप्स

Oily Skin Care Tips In Monsoon: बरसात के मौसम में ऑइली स्किन वालों को मुहांसे, चिपचिपाहट, रैशेज और ब्लैकहेड्स जैसी समस्याएं ज्यादा परेशान कर सकती हैं. लेकिन सही स्किन केयर रूटीन और कुछ आसान उपायों की मदद से त्वचा को स्वस्थ और साफ रखा जा सकता है.

Oily Skin Care Tips In Monsoon: मानसून में हवा में नमी काफी बढ़ जाती है. इस वजह से चेहरे पर पसीना, धूल, गंदगी और अतिरिक्त तेल जमा होने लगता है. जब ये सब चीजें त्वचा पर इकट्ठी हो जाती हैं, तो मुहांसे, छोटे-छोटे दाने, ब्लैकहेड्स, खुजली, लालपन और दाग-धब्बों जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं. कई बार ये दिक्कतें सिर्फ चेहरे पर ही नहीं, बल्कि पीठ, गर्दन, सीने और बाजुओं पर भी नजर आने लगती हैं.

ऑइली स्किन वालों को ज्यादा परेशानी क्यों होती है?

ऑइली स्किन वाले लोगों की त्वचा में प्राकृतिक तेल ज्यादा बनता है. बारिश के मौसम में जब यह तेल पसीने और गंदगी के साथ मिल जाता है, तो स्किन और ज्यादा चिपचिपी लगने लगती है. यही वजह है कि इस मौसम में मुहांसे और दाने जल्दी निकलने लगते हैं.

1. दिन में दो बार चेहरा जरूर साफ करें

ऑइली स्किन की देखभाल का पहला नियम है चेहरे को साफ रखना. सुबह और रात को सोने से पहले फेस वॉश से चेहरा जरूर धोएं. अगर ज्यादा पसीना आया हो या वर्कआउट किया हो, तो उसके बाद भी चेहरा साफ कर लें.

2. गंदे या गीले टॉवल का इस्तेमाल न करें

बारिश के मौसम में गीले टॉवल में बैक्टीरिया और फंगस जल्दी पनप सकते हैं, इसलिए हमेशा साफ और सूखे कॉटन टॉवल का इस्तेमाल करें. चेहरे के लिए अलग टॉवल रखना और भी बेहतर रहेगा.

3. ऑइल-फ्री स्किन केयर प्रोडक्ट चुनें

अगर आपकी स्किन पहले से ही ऑइली है, तो भारी क्रीम और ज्यादा तेल वाले प्रोडक्ट्स लगाने से बचें. हल्के और ऑइल-फ्री प्रोडक्ट्स चुनें, ताकि त्वचा को जरूरी नमी भी मिले और चेहरा ज्यादा चिपचिपा भी न लगे.

4. मॉइश्चराइजर लगाना बिल्कुल न छोड़ें

कई लोग सोचते हैं कि ऑइली स्किन को मॉइश्चराइजर की जरूरत नहीं होती, लेकिन यह गलत है. चेहरे को धोने के बाद हल्का मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं. इससे त्वचा संतुलित रहती है और ज्यादा तेल भी नहीं बनता.

5. सनस्क्रीन लगाना भी है जरूरी

बारिश के दिनों में भी सूरज की किरणें त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं, इसलिए बाहर निकलने से पहले सनस्क्रीन जरूर लगाएं. चाहें तो ऐसा मॉइश्चराइजर चुन सकते हैं जिसमें सनस्क्रीन भी मौजूद हो.

6. हफ्ते में एक-दो बार स्किन की डीप क्लीनिंग करें

हफ्ते में एक या दो बार हल्के स्क्रब का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे चेहरे पर जमा गंदगी और डेड स्किन साफ होती है. ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा स्क्रब करने से त्वचा को नुकसान भी हो सकता है.

7. घरेलू उपाय भी आ सकते हैं काम

ऑइली स्किन के लिए गुलाबजल और मुल्तानी मिट्टी काफी फायदेमंद मानी जाती है. गुलाबजल चेहरे को ताजगी देता है और अतिरिक्त तेल कम करने में मदद करता है. वहीं मुल्तानी मिट्टी का फेस पैक त्वचा को साफ और फ्रेश महसूस कराता है.

8. मेकअप करते हैं तो इन बातों का रखें ध्यान

बारिश में ऑइल-फ्री और वॉटर-बेस्ड मेकअप प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें. ये चेहरे को ज्यादा भारी या चिपचिपा नहीं बनाते। सबसे जरूरी बात, रात को सोने से पहले मेकअप पूरी तरह साफ करके ही सोएं.

9. खूब पानी पिएं और सही खानपान रखें

बारिश में अक्सर लोग कम पानी पीते हैं, लेकिन त्वचा को हेल्दी रखने के लिए पर्याप्त पानी पीना जरूरी है. इसके साथ ही ज्यादा तला-भुना और ऑयली खाना कम खाएं. फल, सब्जियां और फाइबर वाली चीजें डाइट में जरूर शामिल करें.

10. बार-बार चेहरे को हाथ न लगाएं

दिनभर में बार-बार चेहरे को छूने से हाथों की गंदगी और बैक्टीरिया त्वचा तक पहुंच जाते हैं. इससे मुहांसे और दाने बढ़ सकते हैं. अगर चेहरे से तेल हटाना हो, तो साफ टिश्यू या ब्लॉटिंग पेपर का इस्तेमाल करें.

यह भी पढ़ें: फेस मास्क लगाने के बाद दिख रहे हैं ये लक्षण? तुरंत हो जाएं सावधान

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anushka Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >