Office Protein Snacks: दिनभर कंप्यूटर के सामने बैठना, बैक-टू-बैक मीटिंग्स और काम का प्रेशर- इन सबके बीच अक्सर हमारी सेहत पर सबसे ज्यादा असर पड़ता है. ऑफिस में काम करते-करते जब शाम होती है, तो पेट में चूहे कूदने लगते हैं. ऐसे में हमारा ध्यान सबसे पहले चिप्स, नमकीन, बिस्कुट या मीठी चीजों की तरफ जाता है. ये पैक्ड चीजें थोड़ी देर के लिए जुबान को स्वाद तो दे देती हैं, लेकिन इन्हें खाने के तुरंत बाद शरीर में भारीपन, सुस्ती और थकान महसूस होने लगती है. अगर आप ऑफिस में दिनभर एक्टिव रहना चाहते हैं और बार-बार की क्रेविंग से बचना चाहते हैं, तो अपनी डेस्क पर हाई प्रोटीन स्नैक्स रखना शुरू कर दें. प्रोटीन न सिर्फ आपके पेट को लंबे समय तक भरा रखता है, बल्कि आपकी बॉडी को भरपूर एनर्जी भी देता है. हमारे घर की रसोई में ही ऐसी बहुत सी चीजें मौजूद हैं, जिन्हें आसानी से पैक करके ऑफिस ले जाया जा सकता है.
चिप्स और नमकीन की आदत को बदलना क्यों है जरूरी
बाजार में मिलने वाले ज्यादातर पैक्ड स्नैक्स में बहुत ज्यादा नमक, मैदा और अनहेल्दी फैट होता है. इन्हें खाने के बाद एक बार तो एनर्जी बहुत हाई लगती है, लेकिन थोड़ी ही देर में वह एकदम डाउन हो जाती है. यही वजह है कि इन्हें खाने के कुछ देर बाद हमें फिर से तेज भूख लगने लगती है. इसके उलट, प्रोटीन से भरपूर चीजें धीरे-धीरे पचती हैं और पेट को लंबे समय तक खुश रखती हैं. इससे हम बार-बार कुछ भी फालतू चीजें खाने से बच जाते हैं.
ये ऑप्शंस बन सकते हैं आपके बेस्ट ऑफिस पार्टनर
- चाट मसाला वाले पनीर क्यूब्स: अगर आपके ऑफिस में फ्रिज है, तो पनीर सबसे बेस्ट और क्विक ऑप्शन है. पनीर के छोटे टुकड़ों पर थोड़ा चाट मसाला और काली मिर्च छिड़कें और लंच बॉक्स में पैक कर लें. इसे तैयार करने में बिल्कुल समय नहीं लगता.
- भुना हुआ चना: जब बात बिना किसी झंझट वाले स्नैक की हो, तो भुना चना सबसे आगे रहता है. इसे फ्रिज में रखने की भी जरूरत नहीं होती. दोपहर की सुस्ती में एक मुट्ठी चना आपको चिप्स खाने से रोक देगा.
- मूंग स्प्राउट चाट: अंकुरित मूंग में प्रोटीन और फाइबर बहुत अच्छा होता है. इसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर, धनिया और नींबू का रस मिलाकर एक बढ़िया चाट बन जाती है, जो खाने में बहुत लाइट होती है.
- मूंगफली चाट: उबली या भुनी हुई मूंगफली स्वाद और क्रंच दोनों देती है. इसमें खीरा, प्याज, टमाटर और नींबू मिलाकर झटपट स्नैक तैयार करें. इसे खाकर पेट बिल्कुल भारी नहीं होता.
- काली मिर्च के साथ उबले अंडे: अंडे खाना पसंद करने वालों के लिए यह सबसे आसान और एवरग्रीन स्नैक है. उबले अंडों पर थोड़ी सी काली मिर्च और नमक डालकर खाएं, आपका पेट लंबे समय तक फुल रहेगा.
- फलों के साथ ग्रीक योगर्ट: अगर आपको कुछ ठंडा और मीठा खाने का मन हो, तो बिना शुगर वाला ग्रीक योगर्ट बढ़िया है. इसमें सेब या केला जैसे अपने पसंदीदा फल काटकर मिक्स कर लें. यह बाजार की आइसक्रीम से हजार गुना बेहतर है.
- बेसन चीला रोल्स: सुबह घर पर बेसन का चीला बनाकर उसमें पनीर या सब्जियां भरकर एक रोल तैयार कर लें. इसे लंच बॉक्स में ले जाना बेहद आसान है और यह खाने में बहुत मजेदार लगता है.
यह भी पढ़ें: एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे, जानिए दही कबाब बनाने की आसान रेसिपी
