Monsoon Hair Wash Tips: मानसून में बारिश और नमी की वजह से बाल जल्दी चिपचिपे और गंदे लगने लगते हैं. इस मौसम में डैंड्रफ, सिर में खुजली और बाल झड़ने जैसी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं. इसलिए बालों की सफाई के साथ-साथ उन्हें सही समय पर धोना भी जरूरी है. आइए जानते हैं, बारिश के मौसम में बाल कब धोने चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
मानसून में बाल धोने का सही समय
बारिश के मौसम में सुबह या दोपहर के समय बाल धोना बेहतर रहता है. इस समय बालों को सूखने के लिए काफी समय मिल जाता है. अगर बाल जल्दी न सूखें, तो हेयर ड्रायर की मदद भी ली जा सकती है. ध्यान रखें कि सोने से पहले बाल पूरी तरह सूखे होने चाहिए.
रात में बाल धोने से क्यों बचें
कई लोग रात में बाल धोकर सो जाते हैं. कई बार बाल पूरी तरह सूख भी नहीं पाते. गीले बालों के साथ सोने से बाल तकिए से रगड़ खाते हैं. इससे बालों के टूटने की परेशानी बढ़ सकती है. साथ ही, लंबे समय तक गीली स्कैल्प रहने से सिर में खुजली और डैंड्रफ की समस्या भी हो सकती है. इसलिए रात में बाल धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह सुखाकर ही सोएं.
बारिश में भीग जाएं तो क्या करें
अगर आप बारिश में भीग गए हैं, तो घर पहुंचने के बाद बालों को साफ करना जरूरी है. बारिश के पानी के साथ धूल और गंदगी भी बालों में चिपक सकती है. ऐसे में बालों को साफ पानी से धो लें. अगर बाल ज्यादा गंदे नहीं हैं, तो केवल पानी से धोना भी काफी हो सकता है.
हफ्ते में कितनी बार धोने चाहिए बाल
बाल कितनी बार धोने चाहिए, यह आपकी स्कैल्प और बालों पर निर्भर करता है. अगर आपकी स्कैल्प जल्दी ऑयली हो जाती है, तो हफ्ते में 2 से 3 बार बाल धो सकते हैं. वहीं, अगर आपको ज्यादा पसीना आता है या आप रोज बाहर जाते हैं, तो जरूरत के अनुसार बाल साफ करें. बहुत ज्यादा शैंपू करने से भी बाल रूखे हो सकते हैं. इसलिए बालों को साफ रखने के साथ-साथ जरूरत से ज्यादा शैंपू करने से बचें. मानसून में बालों को स्वस्थ रखने के लिए उन्हें साफ और पूरी तरह सूखा रखना सबसे जरूरी है.
यह भी पढ़ें: हेयर फॉल ने उड़ा रखी है आपकी रातों की नींद? घर पर बनाएं प्याज का ये तेल, कुछ ही हफ्तों में दिखने लगेगा फर्क
