How to Reduce Sugar Intake: चाय में चीनी थोड़ी ज्यादा हो, खाने के बाद मीठा खाने का मन करे या शाम की चाय के साथ बिस्किट के बिना दिन अधूरा लगे, तो धीरे-धीरे मीठा खाने की आदत बन जाती है. अचानक चीनी पूरी तरह छोड़ना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. ऐसे में धीरे-धीरे इसकी मात्रा कम करना ज्यादा आसान तरीका हो सकता है. अगर आप भी अपनी डाइट में चीनी कम (How to Reduce Sugar Intake) करना चाहते हैं, तो 7 दिन का यह छोटा सा प्लान ट्राई कर सकते हैं.
पहला दिन: पहले पता करें कितनी चीनी ले रहे हैं
पहले दिन किसी चीज को जबरदस्ती बंद करने के बजाय अपनी रोज की आदत पर ध्यान दें. दिनभर में चाय, कॉफी, मिठाई, बिस्किट, पैकेज्ड ड्रिंक या दूसरी मीठी चीजों में कितनी चीनी जा रही है, इसका अंदाजा लगाएं. चाय में अगर दो चम्मच चीनी लेते हैं, तो इसे डेढ़ चम्मच कर दें.
दूसरा दिन: मीठे पेय से बनाएं दूरी
कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस, मीठी चाय-कॉफी और दूसरे शुगर वाले ड्रिंक कम करें. जब भी प्यास लगे, पानी को प्राथमिकता दें. नींबू पानी पीना पसंद है तो उसमें चीनी डालने के बजाय बिना चीनी वाला विकल्प चुन सकते हैं. इससे बिना सोचे-समझे ली जाने वाली अतिरिक्त चीनी कम करने में मदद मिलेगी.
यह भी पढ़ें: दिन में ठीक, रात में शुरू हो जाती है खांसी? डॉक्टर ने बताए इसके पीछे के ये कारण
तीसरा दिन: चाय-कॉफी में चीनी घटाएं
अब अपनी चाय या कॉफी में चीनी की मात्रा थोड़ा और कम करें. अगर स्वाद फीका लगे, तो कुछ दिन तक धीरे-धीरे कम (How to Reduce Sugar Intake) करने की कोशिश करें. बहुत ज्यादा मीठे बिस्किट या नमकीन के साथ चाय पीने की आदत है, तो उसकी जगह मुट्ठीभर भुना चना, मखाना या कुछ नट्स ले सकते हैं.
चौथा दिन: पैकेज्ड फूड का लेबल पढ़ें
कई बार हम सिर्फ चाय या मिठाई की चीनी पर ध्यान देते हैं, जबकि पैकेज्ड फूड में भी एडेड शुगर हो सकती है. इसलिए बिस्किट, सीरियल, फ्लेवर्ड योगर्ट, सॉस और दूसरे पैकेज्ड सामान खरीदते समय लेबल जरूर देखें. जिन चीजों में शुगर ज्यादा हो, उनका इस्तेमाल कम करें और कम मीठे विकल्प चुनें.
पांचवां दिन: मीठे की जगह फल चुनें
जब भी मीठा खाने का मन करे, तुरंत मिठाई या चॉकलेट लेने के बजाय फल खा सकते हैं. केला, सेब, संतरा, अमरूद या पपीता जैसे फल आपकी डाइट में शामिल किए जा सकते हैं. फल भी मीठे लगते हैं, इसलिए मीठे की क्रेविंग को संभालने में मदद मिल सकती है.
छठा दिन: खाने के बाद मीठा छोड़ने की कोशिश करें
अगर हर लंच या डिनर के बाद मीठा खाने की आदत है, तो छठे दिन इस रूटीन को बदलने की कोशिश करें. खाने के बाद थोड़ा टहल लें या पानी पीकर कुछ देर रुकें. कई बार आदत की वजह से भी मीठा खाने का मन (How to Reduce Sugar Intake) करता है. खुद को थोड़ा समय देने पर क्रेविंग कम हो सकती है.
सातवां दिन: अपनी नई आदत को बनाए रखें
अब पूरे हफ्ते में किए गए बदलावों को आगे भी जारी रखने की कोशिश करें. इसका मतलब यह नहीं कि आपको जिंदगीभर मिठाई बिल्कुल नहीं खानी है. कभी-कभार पसंद की मिठाई छोटी मात्रा में खाई जा सकती है. बस रोज की डाइट में अतिरिक्त चीनी की मात्रा कम रखना जरूरी है.
यह भी पढ़ें: चीनी महंगी होने पर ऐसे संभालें रसोई का बजट, ये 7 आदतें आएंगी काम
