50 रुपये का रीठा करेगा महंगे शैंपू का काम? रीठे के साथ मिलाएं ये 2 चीजें और बनाएं शैंपू

How To Make Reetha Shampoo: क्या आप महंगे शैंपू से थक गए हैं? अब घर पर ही रीठा, आंवला और शिकाकाई का इस्तेमाल करके अपना खुद का नेचुरल शैंपू बनाएं. यह तरीका न केवल सस्ता है बल्कि आपके बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद है.

How To Make Reetha Shampoo: बालों की देखभाल के लिए हर बार महंगे शैंपू खरीदना जरूरी नहीं है. अगर आप कुछ आसान तरीके से बालों की सफाई करना चाहती हैं, तो घर पर रीठे से शैंपू तैयार कर सकती हैं. इसके लिए आपको रीठे के साथ आंवला और शिकाकाई की जरूरत होगी. ये चीजें आसानी से बाजार में मिल जाती हैं और इनसे घर पर ही लिक्विड शैंपू जैसा मिश्रण तैयार किया जा सकता है. तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.

रीठा शैंपू के लिए चाहिए ये चीजें

घर पर रीठा शैंपू बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ेगी. इसके लिए 8 से 10 सूखे रीठे लें और उनके बीज निकाल दें. इसके अलावा 5 से 6 सूखे आंवले, 5 से 6 सूखी शिकाकाई और करीब 2 से 3 कप पानी चाहिए.

रातभर पानी में भिगोकर रखें

सबसे पहले एक बर्तन में रीठा, आंवला और शिकाकाई डालें. इसमें 2 से 3 कप पानी डालकर सभी चीजों को रातभर के लिए भिगोकर रख दें. इससे ये चीजें नरम हो जाएंगी और अगली सुबह इन्हें आसानी से इस्तेमाल किया जा सकेगा.

धीमी आंच पर पकाएं

सुबह भीगे हुए रीठे, आंवले और शिकाकाई को उसी पानी के साथ गैस पर रखें. इसे धीमी आंच पर करीब 10 से 15 मिनट तक पकने दें. इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने के लिए रख दें.

रीठे को अच्छी तरह मसलें

मिश्रण ठंडा हो जाए तो रीठे और शिकाकाई को हाथों से अच्छी तरह मसलें. ऐसा करने से इनके अंदर का अर्क पानी में अच्छी तरह मिल जाएगा. रीठे को मसलने पर पानी में हल्का झाग भी बन सकता है.

छानकर बोतल में भरें

अब तैयार मिश्रण को किसी साफ कपड़े या बारीक छलनी से छान लें. इससे रीठे, आंवले और शिकाकाई के बचे हुए टुकड़े अलग हो जाएंगे. छना हुआ पानी एक साफ बोतल में भर लें. इस तरह आपका घर का बना रीठा शैंपू तैयार है.

बालों में ऐसे करें इस्तेमाल

रीठा शैंपू लगाने से पहले बालों को सामान्य पानी से अच्छी तरह गीला कर लें. अब थोड़ी मात्रा में तैयार मिश्रण लेकर इसे स्कैल्प और बालों की जड़ों पर लगाएं. उंगलियों की मदद से हल्के हाथों से कुछ मिनट तक मसाज करें. इसके बाद बालों को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें.

इससे बाजार में मिलने वाले शैंपू जैसी ज्यादा झाग की उम्मीद न रखें. रीठे से तैयार इस मिश्रण में झाग कम बन सकता है, फिर भी इससे बालों की सफाई की जा सकती है.

इस्तेमाल से पहले इस बात का रखें ध्यान

घर पर बना यह मिश्रण ताजा बनाकर इस्तेमाल करना बेहतर है. अगर इसे रखने पर गंध, रंग या बनावट में बदलाव नजर आए तो इस्तेमाल न करें. पहली बार लगाने से पहले थोड़ी मात्रा में त्वचा पर लगाकर देख लेना भी बेहतर रहेगा. किसी तरह की जलन या परेशानी हो तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें.

यह भी पढ़ें: गुड़हल के फूल से घर पर ही बनाएं 5 कमाल के हेयर केयर प्रोडक्ट, बालों की कई प्रॉब्लम्स से मिलेगा छुटकारा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अनुष्का सिंह

अनुष्का सिंह प्रभात खबर डिजिटल में लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं. वह फैशन, ब्यूटी, स्किनकेयर, होम डेकोर, गार्डनिंग, घरेलू टिप्स और रोजमर्रा की लाइफस्टाइल से जुड़े विषयों पर खबरें लिखती हैं. इसके अलावा वह बदलते लाइफस्टाइल ट्रेंड्स, मौसमी देखभाल, हेल्थ टिप्स और घर को बेहतर बनाने से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी पाठकों तक पहुंचाती हैं. उन्होंने एमिटी यूनिवर्सिटी, रांची से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है. उनकी कोशिश रहती है कि पाठकों को आसान भाषा में सटीक, भरोसेमंद और उपयोगी जानकारी मिले, जिसे वे अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में आसानी से अपना सकें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >