Beauty : खूबसूरती में निखार के लिए ब्लैकहेड्स का करें सफाया

ब्लैक हेड्स की समस्या त्वचा के पोर्स में जन्म लेनेवाले बैक्टीरिया के कारण होती है. कुछ घरेलू उपायों की मदद से आप चेहरे के पोर्स को साफ कर इस समस्या से छुटकारा पा सकती हैं...

Beauty : ब्लैकहेड्स अच्छे-भले चेहरे की खूबसूरती को फीका कर देते हैं. प्रदूषण के चलते यह समस्या काफी आम होती जा रही है. इनके होने का मुख्य कारण त्वचा से निकलने वाला प्राकृतिक तेल है, जो त्वचा के ओपन पोर्स में जमा होकर सख्त हो जाता है. वैसे, ब्लैकहेड्स की समस्या अधिकतर तैलीय त्वचा वाले लोगों को होती है, लेकिन मौसम के प्रभाव के चलते अब यह समस्या किसी के चेहरे की खूबसूरती को फीका कर सकती है. ब्लैकहेड्स काले और सफेद डॉट्स के रूप में त्वचा पर नजर आते हैं. आमतौर पर ये नाक, माथे और ठोडी पर ज्यादा दिखायी देते हैं.

दरअसल, त्वचा के जिन पोर्स में तेल जमा हो जाता है, वह बाहरी हवा के संपर्क में आकर ब्लैकहेड्स का रूप ले लेते हैं. इसकी एक वजह त्वचा की सही तरह से सफाई न करना भी है. त्वचा की सफाई के लिए बहुत ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं होती. बस किसी सौम्य फेश वॉश से चेहरा साफ करने से ही इस समस्या से दूर रहा जा सकता है. यह कहना भी गलत होगा कि यह समस्या सिर्फ त्वचा की साफ-सफाई न करने से होती है. दूसरी भी कई वजहें खूबसूरती से संबंधित इस समस्या के लिए जिम्मेदार हैं.

ब्लैकहेड्स होने का कारण

  • ब्लैकहेड्स होने की एक वजह हारमोनल डिसऑर्डर भी है. हारमोंस का स्तर बिगड़ने से तैलीय ग्रंथियां अतिरिक्त मात्रा में तेल का निष्कासन करने लगती हैं. इस वजह से त्वचा के छिद्र खुल जाते हैं, जो धीरे-धीरे ब्लैकहेड्स का रूप ले लेते हैं.
  • मेकअप लगाने या फिर उसे सही तरह से साफ न करने से भी ब्लैक हेड्स हो जाते हैं. जब आप मेकअप लगाती है, तो वह त्वचा में समा जाता है. इसकी वजह से त्वचा के छिद्र बंद हो जाते हैं, जो आगे चलकर ब्लैकहेड्स होने की वजह बनते हैं. इसलिए मेकअप प्रोडक्ट इस्तेमाल करते समय ध्यान रखें कि फेस वॉश और क्रीम ऑयल फ्री हों, ताकि आपके पोर्स बंद न हों.

इसे भी पढ़ें : Helpline numbers : मुश्किल स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों को बनाएं अपनी ढाल

इस तरह मिलेगा छुटकारा

  • ब्लैकहेड्स से पीछा छुड़ाने के लिए रोजाना त्वचा की अच्छी तरह से सफाई करें. ज्यादा क्रीम युक्त फेशियल प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से बचें. ऐसे प्रोडक्ट का प्रयोग करें, जो ऑयल फ्री हो.
  • चेहरे पर साबुन का इस्तेमाल न करें. यह पोर्स में जमा होकर उनको बंद कर देता है. फेश वॉश इस्तेमाल करें लेकिन ध्यान रखें कि उसमें मिंट, पिपरमिंट और दूसरी ऐसी चीजें न हों, जो जलन पैदा करे.
  • ब्लैकहेड्स को पिन से दबाकर निकालने की कोशिश न करें. इससे चेहरे पर निशान पड़ जाते हैं.
  • हरे सेब को हल्के हाथों से त्वचा पर रगड़ें. यह ब्लैकहेड्स की समस्या को कम करता है. साथ ही हरे सेब का पेस्ट बनाकर लगाना भी फायदेमंद होता है.
  • घरेलू उपाय के तौर पर लौंग, हल्दी, धनिया पत्ती और नींबू के रस को मिलाकर पेस्ट बना लें. इसे चेहरे पर लगाएं और हल्का सूखने पर धो दें.
  • ब्लैकहेड्स वाली जगहों पर अंगूर का पल्प लगाएं. 15-20 मिनट सूखने दें और फिर गुनगुने पानी से धो दें.
  • खीरे को कस लें. इस पेस्ट को चेहरे पर लगाएं. सूखने पर ठंडे पानी से धो दें.
  • पिसे हुए बादाम या जौ के आटे को पानी में मिलाकर उसका पेस्ट चेहरे पर लगाएं.
  • नीबू के छिलकों को सुखाकर पीस लें और इसे फेस पैक की तरह इस्तेमाल करें.
  • स्टीम लें. इससे पोर्स खुल जाते हैं और ब्लैक हेड्स आसानी से खत्म हो जाते हैं.
  • एक चम्मच बेकिंग सोडा लेकर उसमें थोड़ा-सा पानी मिलाएं. इस मिश्रण से दो-तीन मिनट तक चेहरे को रगड़े, फिर गुनगुने पानी से धो लें. दो-चार बार ऐसा करने से ब्लैकहेड्स आसानी से खत्म हो जायेंगे.
  • मुलतानी मिट्टी लगाने से भी काफी हद तक ब्लैकहेड्स से छुटकारा मिल जाता है. अगर त्वचा तैलीय है, तो क्ले मास्क का प्रयोग फायदेमंद रहेगा.
  • अत्यधिक तेलीय भोजन का सेवन न करें. साथ ही बार-बार चेहरे पर हाथ लगाने की आदत को जल्द-से-जल्द दूर करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prachi Khare

Sr. copy-writer. Working in print media since 15 years. like to write on education, healthcare, lifestyle, fashion and film with the ability of produce, proofread, analyze, edit content and develop quality material.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >