Dry Aloo Sabzi Recipe: आलू की सूखी सब्जी ऐसी डिश है जो लगभग हर घर में किसी न किसी रूप में बनाई जाती है. कभी पूड़ी के साथ, कभी रोटी के साथ तो कभी दाल-चावल के साथ आलू की सूखी सब्जी खाने का मजा ही अलग होता है.
इसकी खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और कम समय में स्वादिष्ट सब्जी तैयार हो जाती है. अगर अचानक घर पर मेहमान आ जाएं या कुछ जल्दी बनाने का मन हो, तो यह रेसिपी (Dry Aloo Sabzi Recipe) काफी काम आती है. आइए जानते हैं आलू की सूखी सब्जी बनाने का आसान तरीका.
आलू की सूखी सब्जी के लिए सामग्री
यह भी पढ़ें: चाय के साथ कुछ क्रिस्पी खाने का मन है? ट्राई करें रणवीर बराड़ का ये पनीर कटलेट
Dry Aloo Sabzi Recipe: ऐसे बनाएं आलू की सूखी सब्जी
सबसे पहले आलू को अच्छी तरह धोकर कुकर में उबाल लें. ध्यान रखें कि आलू बहुत ज्यादा गलने न पाएं, वरना सब्जी बनाते समय टुकड़े टूट सकते हैं.
उबले हुए आलू को ठंडा होने दें और फिर उनका छिलका उतार लें. अब आलू को हाथ से मोटे-मोटे टुकड़ों में तोड़ लें या चाकू से काट लें. सूखी सब्जी में बहुत छोटे टुकड़े करने की जरूरत नहीं है.
अब एक कड़ाही गैस पर रखें और उसमें तेल डालकर गर्म करें. तेल गर्म होने पर जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो इसमें हींग और अजवाइन डाल दें.
इसके बाद कटी हुई हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें. अगर आपको थोड़ा तीखा स्वाद पसंद है, तो हरी मिर्च की मात्रा अपनी पसंद के हिसाब से बढ़ा सकती हैं.
अब गैस की आंच धीमी कर दें और हल्दी, धनिया पाउडर, लाल मिर्च और थोड़ा नमक डालें. अगर मसाले कड़ाही में चिपकने लगें, तो एक-दो चम्मच पानी डाल सकती हैं. मसाले हल्के भुन जाएं तो समझिए बेस तैयार है.
मसाले भुनने के बाद कड़ाही में कटे हुए आलू डाल दें. आलू को मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाएं ताकि हर टुकड़े पर मसाला अच्छी तरह लग जाए.
अब मध्यम आंच पर आलू को 5-7 मिनट तक भूनें. बीच-बीच में सब्जी को हल्के हाथ से चलाएं. ज्यादा जोर से चलाने पर आलू टूटकर मैश हो सकते हैं.
जब आलू हल्के सुनहरे और मसालेदार नजर आने लगें, तब इसमें अमचूर पाउडर और गरम मसाला डालें. दोनों चीजों को अच्छी तरह मिलाकर 1-2 मिनट और पकाएं.
Dry Aloo Sabzi Recipe: हरे धनिए से दें फाइनल टच
गैस बंद करने के बाद ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालें. आपकी गरमा-गरम आलू की सूखी सब्जी तैयार है. इसे आप पूड़ी, पराठे, रोटी या दाल-चावल के साथ परोस सकती हैं. चाहें तो साथ में हरी चटनी, अचार या दही भी रख सकती हैं.
आलू की सब्जी को स्वादिष्ट बनाने की छोटी टिप्स
आलू की सूखी सब्जी का स्वाद अच्छा बनाने के लिए कुछ छोटी बातों का ध्यान रखें. आलू को ज्यादा न गलाएं और उन्हें मसालों के साथ धीमी या मध्यम आंच पर अच्छी तरह भूनें. अगर आप हल्का क्रिस्पी स्वाद चाहती हैं, तो सब्जी को कुछ देर बिना ढके पकाएं. ऊपर से थोड़ा सा नींबू का रस डालने से भी स्वाद बढ़ सकता है.
आलू की यह सूखी सब्जी बनाने में आसान है और इसे रोजमर्रा के खाने से लेकर खास मौके पर भी बनाया जा सकता है. कम सामग्री में बनने वाली यह सब्जी घर के बच्चों से लेकर बड़ों तक को आसानी से पसंद आ जाती है.
यह भी पढ़ें: बाजार से मिठाई लाने की जरूरत नहीं, घर पर झटपट बनाएं स्वादिष्ट कलाकंद
