जिंदगी में कभी नहीं होंगे आपके फैसले गलत, धोखे और पछतावे से भी बचाएंगी चाणक्य की ये 5 बातें

Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य ने अपनी नीतियों में ऐसी कई बातें बताई हैं, जो आज भी हर इंसान के लिए उतनी ही जरूरी मानी जाती हैं. अगर आपको भी जिंदगी में सही फैसले लेने हैं और गलतियों से बचते हुए आगे बढ़ना है, तो चाणक्य के बताए ये 5 सबक आपके बहुत काम आ सकते हैं.

Chanakya Niti: आचार्य चाणक्य को अपने समय के सबसे ज्ञानी और बुद्धिमान पुरुष के तौर पर जाना जाता है. वे सिर्फ एक महान पॉलिटिशियन ही नहीं, बल्कि एक कमाल के शिक्षक भी थे. मानवजाति की भलाई के लिए उन्होंने जिन बातों का जिक्र किया था, वे आज के समय में भी हमें सही रास्ता दिखाने का काम कर रही हैं. कहा जाता है कि अगर आपको एक सफल, समृद्ध और सम्मानपूर्वक जीवन जीना है, तो उनकी बताई बातों का पालन जरूर करना चाहिए. उनकी कही गई बातों को आज के समय में हम 'चाणक्य नीति' के नाम से जानते हैं. अपनी इन्हीं नीतियों में चाणक्य ने कुछ ऐसी खास बातों का जिक्र किया है, जिनका सही से पालन करने पर आपको जीवन के हर कदम पर सही फैसले लेने में मदद मिलेगी. तो चलिए बिल्कुल आसान शब्दों में समझते हैं चाणक्य के वो 5 सबक, जो आपकी जिंदगी को पूरी तरह से बदलकर रख देते हैं.

chanakya niti to avoid regret

कोई भी काम शुरू करने से पहले खुद से तीन सवाल करें

आचार्य चाणक्य के अनुसार जब भी आप कोई नया काम करने जा रहे हों या फिर अपनी जिंदगी का कोई बड़ा फैसला ले रहे हों, तो सबसे पहले आपको खुद से तीन सवाल जरूर पूछने चाहिए. जब भी आप कोई काम शुरू करें तो सबसे पहले खुद से पूछें कि, 'मैं यह काम क्यों कर रहा हूं?', 'इसका रिजल्ट क्या होगा?' और 'क्या मैं इसमें सफल हो पाऊंगा?'. जब आप आराम से बैठकर इन सवालों के बारे में सोचते हैं, तो आपको सब कुछ साफ-साफ समझ आ जाता है. चाणक्य के अनुसार बिना सोचे-समझे जल्दबाजी में लिया गया फैसला हमेशा आपका ही नुकसान कराता है. इसलिए, हमेशा पूरी प्लानिंग के साथ ही कदम आगे बढ़ाएं.

ये भी पढ़ें: कब करें दूसरों को माफ और कब उठाएं उनके खिलाफ सख्त कदम? जानिए क्या कहते हैं आचार्य चाणक्य

अपने सीक्रेट्स किसी से शेयर न करें

आज के समय में लोग अपनी हर एक छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी बात और खुशी को अपने दोस्तों के साथ शेयर कर देते हैं या फिर सोशल मीडिया पर डाल देते हैं. चाणक्य नीति के अनुसार हमें अपनी सबसे जरूरी बातों और फ्यूचर प्लान्स को हमेशा दूसरों से छुपाकर रखना चाहिए. जब आप अपने सभी सीक्रेट्स दूसरों के साथ शेयर कर देते हैं, तो ये लोग समय आने पर आपकी कमजोरियों का फायदा आपके खिलाफ ही उठा लेते हैं. चाणक्य के अनुसार आपको अपने प्लान्स को तब तक सीक्रेट रखना चाहिए, जब तक कि आप उस काम में कामयाब नहीं हो जाते हैं. आपकी यह छोटी सी आदत आपको धोखा खाने से बचाकर रखेगी.

अच्छे और सच्चे दोस्त चुनें

हमारी जिंदगी काफी हद तक इस बात पर निर्भर करती है कि हमारे आसपास किस तरह के लोग रहते हैं या फिर हमारे दोस्त कौन-कौन हैं. आचार्य चाणक्य के अनुसार, जो दोस्त आपके सामने तो बहुत ही मीठी-मीठी बातें करते हैं लेकिन आपकी पीठ पीछे आपकी बुराई करते हैं या फिर आपको नुकसान पहुंचाने की सोचते हैं, वे बहुत ही ज्यादा खतरनाक होते हैं. इस तरह के लोग बिल्कुल उस घड़े की तरह होते हैं जिसके ऊपर तो दूध लगा हुआ होता है, लेकिन अंदर से इसमें जहर भरा हुआ होता है. चाणक्य के अनुसार आपको इस तरह के मतलबी दोस्तों से तुरंत दूर हो जाना चाहिए. इसकी जगह पर आपको हमेशा ऐसे लोगों को दोस्त बनाना चाहिए जो मुश्किल समय में आपका साथ देंगे और आपको सही रास्ता भी दिखाएंगे.

ये भी पढ़ें: इन 5 चीजों पर कंट्रोल करते ही बदल जाएगी आपकी जिंदगी, खुद पर जीत दिलाएंगी आचार्य चाणक्य की ये बातें

बीते समय का पछतावा छोड़कर प्रेजेंट में जिएं

हम में से बहुत से लोग अपनी पुरानी गलतियों को याद करके दुखी होते रहते हैं या फिर आने वाले कल की टेंशन में डूबे हुए रहते हैं. आचार्य के चाणक्य अनुसार जो समय बीत चुका है, उसे आप बदल नहीं सकते हैं. इसलिए आपको अपनी पुरानी गलतियों पर रोने की जगह पर उनसे कुछ सीखने की कोशिश करनी चाहिए. चाणक्य के अनुसार आपकी समझदारी इसी में है कि आप अपने आज पर ध्यान दें और उसे ही बेहतर बनाने पर फोकस करें. अगर आपका आज अच्छा होगा, तो आपका आने वाला कल अपने आप बढ़िया हो जाएगा. बीती बातों का पछतावा आपके आज के फैसलों को कमजोर कर देता है.

हमेशा कुछ न कुछ सीखते रहें

चाणक्य नीति के अनुसार आपका ज्ञान या फिर नॉलेज ही एक ऐसी चीज है, जो कभी भी बेकार नहीं जाती है और न ही इसे कोई आपसे चुरा सकता है. चाणक्य के अनुसार किसी भी इंसान को अपनी पूरी जिंदगी ठीक एक स्टूडेंट की तरह रहना चाहिए और उसे जहां से भी कुछ अच्छा सीखने का मौका मिले, जरूर सीखना चाहिए. चाहे वो कोई किताब हो, कोई बड़ा इंसान हो या फिर आपका खुद का कोई बुरा एक्सपीरियंस, हर चीज हमें लाइफ का एक नया सबक सिखाती है. एक समझदार इंसान हर मुश्किल हालात में भी सही फैसले ले पाता है. इसलिए अपनी सीखने की आदत को कभी मत छोड़िए.

ये भी पढ़ें: क्यों हर मुस्कुराने वाला इंसान आपका दोस्त या शुभचिंतक नहीं होता? भरोसा करने से पहले जान लें चाणक्य की ये सीख


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Saurabh Poddar

सौरभ पोद्दार एक लाइफस्टाइल जर्नलिस्ट हैं और पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में एक्टिव हैं. उन्होंने रांची के सेंट जेवियर्स कॉलेज से जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया है. फिलहाल, सौरभ 'प्रभात खबर' के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बतौर कंटेंट राइटर काम कर रहे हैं. सौरभ को उन टॉपिक्स पर लिखना सबसे ज्यादा पसंद है, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े हैं. उनके आर्टिकल्स में आपको हेल्थ, फिटनेस, स्किन-हेयर केयर, पेरेंटिंग, हेल्दी रेसिपीज, घरेलू नुस्खे, रिलेशनशिप और वास्तु शास्त्र जैसी उपयोगी जानकारियां मिलेंगी. फिटनेस और अच्छी सेहत सौरभ की निजी जिंदगी का भी अहम हिस्सा हैं. वे जिन विषयों पर लिखते हैं, उन्हें अपनी रूटीन में फॉलो भी करते हैं. उनका मानना है कि जब आप किसी चीज को खुद एक्सपीरियंस करते हैं, तभी दूसरों तक सही और प्रैक्टिकल जानकारी पहुंचा सकते हैं. उनकी हमेशा यही कोशिश रहती है कि वे ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर बिल्कुल आसान और आम बोलचाल की हिंदी में लिखें, ताकि हर पाठक उसे आसानी से समझ सके. यही वजह है कि उनके लिखे आर्टिकल्स काफी एंगेजिंग और SEO-फ्रेंडली होते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >