एक समय था, जब सैफ अली खान ने न सिर्फ एक अभिनेता के तौर पर दर्शकों के दिलों पर राज किया, बल्कि चुपचाप बॉलीवुड के सबसे दिलचस्प प्रोडक्शन बैनरों में से एक इल्यूमिनाती फिल्म्स की नींव भी रखी. लव स्टोरी से लेकर कॉमेडी तक, उनकी कंपनी ने ऐसी फिल्मों को सपोर्ट किया, जो बाद में कल्ट फेवरेट बन गईं. हालांकि बाद में उन्होंने प्रोडक्शन से पूरी तरह किनारा कर लिया.
सैफ अली खान ने क्यों छोड़ा प्रोडक्शन का काम
सैफ अली खान ने बताया कि उन्होंने अपने बैनर, इल्यूमिनाती फिल्म्स को क्यों बंद कर दिया. स्क्रीन को दिए इंटरव्यू में एक्टर ने कहा कि फिल्म प्रोडक्शन का काम बाहर से जितना आकर्षक दिखता है, असल में उतना आसान नहीं होता. सैफ ने कहा कि यह ऐसा काम है, जिसमें मेहनत बहुत होती है, लेकिन कई बार उसका संतोषजनक परिणाम नहीं मिलता. हालांकि उन्हें क्रिएटिव प्रोसेस हमेशा पसंद रही. नए आइडिया पर काम करना, फिल्म की लुक और म्यूजिक पर चर्चा करना उन्हें काफी अच्छा लगता था, लेकिन वक्त के साथ यह जिम्मेदारी थकाने वाली बन गई.
प्रोडक्शन के काम में सैफ को हुआ था फायदा
सैफ ने 2009 में निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म लव आज कल के साथ इल्यूमिनाती फिल्म्स की शुरुआत की थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई. इसके बाद एजेंट विनोद, कॉकटेल, गो गोवा गौन और हैप्पी एंडिंग जैसी फिल्मों ने भी बैनर को पहचान दिलाई. सैफ ने माना कि इस सफर में Eros International और उनके पार्टनर दिनेश विजान का बड़ा योगदान रहा. उन्होंने कहा कि उस समय सब कुछ सही दिशा में चल रहा था और उन्हें इस सफर से काफी फायदा भी मिला. सैफ ने यह भी कहा कि समय के साथ लोगों की राहें बदल जाती हैं.
सैफ अली खान ने की शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस की तारीफ
सैफ ने अपनी आने वाली नेटफ्लिक्स फिल्म कर्तव्य को लेकर शाहरुख खान के प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज एंटरटेनमेंट की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि शाहरुख एक ऐसे निर्माता हैं, जो कलाकारों और टीम को खुलकर काम करने की आजादी देते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि शाहरुख खान को सिनेमा से बेहद प्यार है और यही बात उनके प्रोडक्शन के चुनाव में साफ दिखाई देती है.
यह भी पढ़ें- Sreeleela Dating: क्या तिलक वर्मा को डेट कर रही हैं श्रीलीला? साउथ एक्ट्रेस की मां ने खोल दी पोल
