The Immortals Of Meluha: पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पर खबरें वायरल हो रही थीं कि एक्टर रणवीर सिंह जल्द ही मशहूर किताब ‘द इम्मोर्टल्स ऑफ मेलुहा’ पर बनने वाली फिल्म में भगवान शिव का किरदार निभाने वाले हैं. रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रणवीर ने इस किताब के फिल्म राइट्स भारी रकम देकर खरीद लिए हैं और अपनी प्रोडक्शन कंपनी के साथ इस बड़े प्रोजेक्ट पर काम भी शुरू कर दिया है. लेकिन अब इस मामले पर खुद लेखक आमिश त्रिपाठी ने चुप्पी तोड़ी है और सच बता दिया है.
लेखक अमीश त्रिपाठी ने क्या कहा?
जब यह खबर चारों तरफ फैल गई, तो इस किताब के असली लेखक अमीश त्रिपाठी ने खुद सामने आकर सच बताया. 12 मई को आई वैरायटी इंडिया की एक रिपोर्ट में अमीश ने साफ कहा कि यह खबर पूरी तरह गलत है.
उन्होंने बताया कि उनकी किताब के राइट्स अभी भी उनके पास ही हैं और उन्होंने किसी के साथ कोई डील साइन नहीं की है. अमीश ने यह भी कहा कि वह रणवीर सिंह की बहुत इज्जत करते हैं और उनके बड़े फैन हैं, लेकिन फिलहाल इस फिल्म को लेकर जो खबरें चल रही हैं, वे सिर्फ अफवाह हैं.
कैसे शुरू हुई थी ये अफवाह?
11 मई को Pinkvilla की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि रणवीर सिंह अपनी खुद की कंपनी ‘मां कसम फिल्म’ के जरिए इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं. खबर थी कि वह आदित्य बिड़ला के ‘बिड़ला स्टूडियो’ के साथ मिलकर इस किताब पर तीन फिल्में बनाएंगे और इसका काम 2028 तक शुरू हो जाएगा. लोग बहुत खुश थे कि रणवीर सिंह को शिव के रूप में देखेंगे, लेकिन लेखक के बयान के बाद अब यह साफ हो गया है कि अभी ऐसा कुछ भी नहीं हो रहा है.
क्या है ‘द इम्मोर्टल्स ऑफ मेलुहा’?
यह एक बहुत ही मशहूर कहानी है जिसे अमीश त्रिपाठी ने लिखा है. यह कहानी 1900 BC के समय की है. इसमें दिखाया गया है कि कैसे तिब्बत से आए एक साधारण इंसान ‘शिव’ अपनी अच्छाई और बहादुरी की वजह से मेलुहा साम्राज्य के रक्षक बन जाते हैं. लोग उन्हें ‘नीलकंठ’ मानने लगते हैं जो बुराई को खत्म करने आया है. इस किताब पर फिल्म बनाने की कोशिश बहुत सालों से हो रही है, लेकिन अब तक कोई भी बात फाइनल नहीं हो पाई है.
पहले भी बन चुकी है फिल्म की चर्चा
इस किताब पर फिल्म बनाने की बातें नई नहीं हैं. साल 2012 में करण जौहर ने भी इस कहानी को फिल्म में बदलने की योजना बनाई थी. उस समय लोगों को लगा था कि फिल्म का नाम ‘शुद्धि’ होगा, लेकिन बाद में साफ हुआ कि दोनों प्रोजेक्ट अलग थे.
कुछ समय बाद खबर आई कि प्रोजेक्ट बंद हो गया और फिल्म नहीं बन पाई.
