Rakhi Sawant: अपने बेबाक अंदाज और अतरंगी बयानों के लिए चर्चा में रहने वाली राखी सावंत एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को शादी की सलाह देकर सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. राखी का यह बयान सलमान खान के हालिया पोस्ट के बाद सामने आया, जिसमें अभिनेता ने अकेलेपन और तन्हाई को लेकर कुछ बातें लिखी थीं.
‘भाई अकेले हो, जल्दी शादी कर लो’
हाल ही में पैपराजी से बातचीत के दौरान राखी सावंत ने सलमान खान को लेकर मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, “भाई आप अकेले हो. आपका ओमेगा 3 बढ़ गया है, दिमाग गरम हो गया है, इसलिए ऐसी बातें कर रहे हो. आप जल्दी शादी कर लो. मैं भाई के लिए लड़की ढूंढ रही हूं.”
राखी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फैंस भी इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग राखी की बातों पर हंस रहे हैं, तो कुछ एक बार फिर सलमान खान की शादी को लेकर चर्चा करने लगे हैं.
सलमान खान का पोस्ट हुआ था वायरल
दरअसल, कुछ दिन पहले सलमान खान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया था, जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया था. अभिनेता ने लिखा था, “मैं, खुद और सिर्फ मैं… खुद के साथ रहने के दो तरीके होते हैं. एक ‘अकेले’, जो आपकी अपनी पसंद होती है और दूसरा ‘तन्हा’, जब कोई आपके साथ नहीं रहना चाहता.”
सलमान का यह पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. कई फैंस को लगा कि अभिनेता शायद अपने निजी जीवन को लेकर भावुक हैं. इसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं.
बाद में सलमान ने दी सफाई
बढ़ती चर्चाओं के बाद सलमान खान ने खुद सामने आकर पूरे मामले पर सफाई दी. उन्होंने कहा कि उनका पोस्ट उनके निजी जीवन से जुड़ा नहीं था. अभिनेता ने लिखा, “जब मेरे पास इतना बड़ा परिवार, दोस्त और आप लोगों का प्यार है तो मैं अकेला कैसे हो सकता हूं? मुझे बस थोड़ा ‘मी टाइम’ चाहिए था.”
सलमान ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उनके पोस्ट के बाद उनकी मां तक ने फोन कर पूछा कि आखिर क्या हुआ है. अभिनेता ने फैंस से ज्यादा चिंता न करने की अपील भी की.
यह भी पढ़ें: बॉलीवुड के बाद अब हॉलीवुड में छाएंगे सलमान खान, ‘7 Dogs’ के प्रीमियर से वायरल हुआ पोस्टर
