करण जौहर का मशहूर चैट शो 'कॉफी विद करण' जल्द ही नए सीजन के साथ लौटने वाला है. सीजन 9 अभी शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन शो में आने वाले मेहमानों की एक लिस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस लिस्ट में आमिर खान, सैफ अली खान, रश्मिका मंदाना, विजय देवरकोंडा और समय रैना जैसे कई बड़े नाम बताए जा रहे हैं. हालांकि, अभी तक इस लिस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
दिवाली के आसपास शुरू होगा नया सीजन
'कॉफी विद करण 9' के दिवाली के आसपास शुरू होने की उम्मीद है. करण जौहर ने भी एक इंटरव्यू में शो की वापसी को लेकर कहा था, "दिवाली. सीजन 9." इसके बाद से ही फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि इस बार शो में कौन-कौन से सितारे पहुंचेंगे. इसी बीच रेडिट पर एक गेस्ट लिस्ट सामने आई, जिसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई.
आमिर-सैफ के साथ दिखेंगे 'दिल चाहता है' के सितारे?
इस लिस्ट में आमिर खान, सैफ अली खान, फरहान अख्तर और अक्षय खन्ना के नाम शामिल हैं. अगर ये सभी एक साथ शो में आते हैं तो फैंस को 'दिल चाहता है' के सितारों का रीयूनियन देखने को मिल सकता है. यह फिल्म आज भी लोगों की पसंदीदा फिल्मों में शामिल है. ऐसे में इन सितारों को एक साथ देखना फैंस के लिए खास पल हो सकता है.
रश्मिका और विजय पर रहेंगी सबकी नजरें
कथित लिस्ट में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा का नाम भी है. दोनों के रिश्ते को लेकर काफी समय से खबरें आती रही हैं. हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. अगर दोनों शो में साथ आते हैं तो उनकी बातचीत पर फैंस की खास नजर रहेगी.
समय रैना भी आ सकते हैं नजर
इस लिस्ट में कॉमेडियन समय रैना का नाम भी बताया गया है. कहा जा रहा है कि वह फराह खान के साथ शो में नजर आ सकते हैं.समय रैना इन दिनों 'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' को लेकर भी चर्चा में हैं. ऐसे में शो में उनकी एंट्री काफी दिलचस्प हो सकती है.
करीना और काजोल समेत इन सितारों के नाम
कथित लिस्ट में करीना कपूर खान, काजोल और जया बच्चन के नाम भी बताए गए हैं. इसके अलावा अक्षय कुमार और अजय देवगन की जोड़ी भी शो में नजर आ सकती है. वहीं सिद्धार्थ मल्होत्रा और कियारा आडवाणी, वरुण धवन और कृति सेनन, दिलजीत दोसांझ और विक्की कौशल के नाम भी इस लिस्ट में शामिल बताए जा रहे हैं. इसके अलावा अहान पांडे और अनीत पड्डा, अनन्या पांडे और शनाया कपूर तथा जाह्नवी कपूर और लक्ष्य के नाम भी सामने आए हैं.
लिस्ट कितनी सही है?
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि यह पूरी लिस्ट अभी पक्की नहीं है. यह एक रेडिट पोस्ट के जरिए सामने आई है और 'कॉफी विद करण' के मेकर्स ने इनमें से किसी भी नाम की पुष्टि नहीं की है. इसलिए आमिर-सैफ के रीयूनियन से लेकर रश्मिका-विजय की जोड़ी तक, इन सभी नामों को फिलहाल सिर्फ अफवाह के तौर पर ही देखा जा रहा है. अब आधिकारिक घोषणा के बाद ही पता चलेगा कि 'कॉफी विद करण 9' में कौन-कौन से सितारे करण जौहर के काउच पर नजर आएंगे.
ये भी पढ़ें: गोविंदा- सुनीता के रिश्ते में नया ट्विस्ट, राखी सावंत से बातचीत में सुनीता ने किया दूसरी शादी को लेकर दावा
ये भी पढ़ें: ‘वाराणसी’ में 6 गानों का तड़का, Mahesh Babu की फिल्म को लेकर MM Keeravani का खुलासा
