'कौन बनेगा करोड़पति 18' इन दिनों सिर्फ हॉट सीट पर बैठने वाले कंटेस्टेंट्स के संघर्ष और जज्बातों की वजह से ही नहीं, बल्कि नए विवादों को लेकर भी सुर्खियों में है. शो के हालिया एपिसोड में जाने-माने स्टैंड-अप कॉमेडियन गौरव कपूर, गौरव गुप्ता और लेखक-कॉमेडियन वरुण ग्रोवर की मौजूदगी देखी गई थी. इसके बाद मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल का गुस्सा शो के मेकर्स और होस्ट अमिताभ बच्चन पर फूट पड़ा है.
'गाली-गलौज वाली कॉमेडी करने वालों को मंच न दें' सुनील पाल
सुनील पाल ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए चैनल और शो के निर्माताओं को आड़े हाथों लिया. उन्होंने किसी का नाम सीधे तौर पर तो नहीं लिया, लेकिन अपने बयान में 'गाली-गलौज करने वाले लोग' शब्द का इस्तेमाल किया. सुनील पाल ने मेकर्स से अपील करते हुए कहा "केबीसी वालों, मैं काफी समय से कह रहा हूं कि इस तरह की कॉमेडी करने वालों को शो में आमंत्रित मत कीजिए." उनका तर्क है कि जिस मंच की अपनी एक गरिमा है, वहां एडल्ट या अपशब्दों वाली कॉमेडी करने वाले कलाकारों को बुलाना सही नहीं है.
'बच्चन साहब, बच्चों और परिवारों का तो ध्यान रखिए' तीखा सवाल
सुनील पाल ने आगे सीधे अमिताभ बच्चन को संबोधित करते हुए कहा कि 'कौन बनेगा करोड़पति' एक ऐसा शो है जिसे हर उम्र के लोग एक साथ बैठकर देखते हैं. उन्होंने कहा "बच्चन साहब, आपका यह शो छोटे-छोटे बच्चे और घर के बुजुर्ग बेहद चाव से देखते हैं. कम से कम उन बच्चों के भविष्य और संस्कारों के बारे में तो सोचिए." इसके बाद तंज कसते हुए उन्होंने कहा "आप खेल में 14 सवाल पूछते हैं, लेकिन 15वां सवाल अब देश की जनता आपसे पूछेगी कि क्या इतने बड़े मंच को चलाने के लिए अब इन लोगों के सहारे की जरूरत पड़ गई है?"
ये भी पढ़ें: KBC 18: ₹25 लाख के सवाल ने IITian को भी किया कन्फ्यूज, जवाब सुन आप भी कहेंगे- अरे ये कैसे!
क्या अमिताभ बच्चन KBC छोड़ेंगे? ब्लॉग पोस्ट से फैली सनसनी
सुनील पाल के इस बयान के बीच अमिताभ बच्चन के एक हालिया ब्लॉग पोस्ट ने भी प्रशंसकों को सोच में डाल दिया है. बिग बी ने अपने ब्लॉग में साझा किया था कि शो में आने वाले प्रतिभागियों की दर्दनाक और संघर्ष भरी कहानियां सुनकर उन्हें संभालना और शो को आगे बढ़ाना बेहद मुश्किल हो जाता है. बिग बी ने लिखा था "प्रतिभागियों के कठिन अनुभवों को सुनकर अपने जज्बातों पर काबू पाना आसान नहीं होता... अब लगता है कि विश्राम का समय आ गया है." हालांकि, यह टिप्पणी उनके भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती है या वे वाकई शो से अलग होने का विचार कर रहे हैं, इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें: KBC 18: आंखों की रोशनी गई, लेकिन पत्नी ने नहीं छोड़ा हाथ, कमलजीत की कहानी सुन भावुक हुए अमिताभ बच्चन
