करण कुंद्रा और तेजस्वी प्रकाश एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं. बिग बॉस और लाफ्टर शेफ्स में दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब कपल नेटफ्लिक्स के नए शो देसी ब्लिंग (Desi Bling) में दिखाई देंगे. शो का प्रीमियर 20 मई को होने जा रहा है और इसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है.
देसी ब्लिंग शो में दिखेंगे तेजस्वी प्रकाश और करण कुंद्रा
यह शो दुबई के बेहद आलीशान और हाई-प्रोफाइल देसी सोशल सर्कल की कहानी दिखाएगा, जहां लग्जरी लाइफस्टाइल, महंगे फैशन, बड़ी पार्टियां और रिश्तों के बीच का ड्रामा देखने को मिलेगा. कहानी में करण और तेजस्वी एक ऐसी दुनिया का हिस्सा बनते नजर आएंगे, जहां दिखावे के पीछे कई उलझे रिश्ते और इमोशंस छिपे हुए हैं.
देसी ब्लिंग का धमाकेदार ट्रेलर हुआ था रिलीज
हाल ही में नेटफ्लिक्स ने शो का ट्रेलर भी रिलीज किया, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है. ट्रेलर में ग्लैमर, ड्रामा और इमोशनल मोमेंट्स की झलक देखने को मिली. करण और तेजा एक जगह तो लड़ते हुए दिखाई दिए. करण कुंद्रा ने शो को लेकर कहा कि यह एक्सपीरियंस काफी अलग था. उनके मुताबिक शो में सिर्फ चमक-दमक ही नहीं बल्कि रिश्तों और लोगों की असली भावनाएं भी देखने को मिलती हैं.
तेजस्वी के लिए काफी खास है देसी ब्लिंग
वहीं तेजस्वी प्रकाश ने भी इस प्रोजेक्ट को अपने लिए बेहद खास बताया. उन्होंने कहा कि यह शो दुबई की शानदार लाइफस्टाइल की झलक तो दिखाता ही है, साथ ही इसमें देसी मसाले वाला मनोरंजन भी भरपूर है. तेजस्वी के अनुसार इस शो में रियलिटी और फिक्शन का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा.
