चंडीगढ़ की जिला अदालत ने अभिनेता सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री और स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर्स को मनीमाजरा स्थित Being Human ज्वेलरी शोरूम से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में समन जारी किया है. कोर्ट ने सभी को 5 अक्टूबर को पेश होकर आरोपों पर अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है.
खान, उनकी बहन अलवीरा खान अग्निहोत्री को कोर्ट से समन
यह शिकायत चंडीगढ़ के कारोबारी अरुण गुप्ता ने दर्ज कराई है. उनका आरोप है कि उन्हें शानदार बिजनेस ग्रोथ और बेहतर मुनाफे का भरोसा देकर शोरूम में निवेश करने के लिए तैयार किया गया, लेकिन बाद में उन्हें करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा.
अरुण गुप्ता ने लगाया ये आरोप
शिकायत के मुताबिक, अरुण गुप्ता ने Being Human ज्वेलरी की मार्केटिंग का लाइसेंस रखने वाली स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के साथ एग्रीमेंट करने के बाद करीब 3 करोड़ रुपये का निवेश किया. उनका कहना है कि शोरूम तैयार करने में लगभग 1 करोड़ रुपये खर्च किए गए और उन्होंने समझौते में तय अपनी सभी जिम्मेदारियां पूरी कीं.
अरुण को हुआ बिजनेस में लॉस
इसके बावजूद अरुण का आरोप है कि शोरूम शुरू होने के बाद कंपनी ने वादा किया गया बिजनेस सपोर्ट नहीं दिया, जिसकी वजह से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ. उन्होंने यह भी दावा किया कि फरवरी 2020 से Being Human ज्वेलरी सप्लाई करने वाला आउटलेट बंद पड़ा है, जिससे स्टॉक की सप्लाई प्रभावित हुई और कारोबार पर सीधा असर पड़ा. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कंपनी से जुड़े 6 लोगों ने बिजनेस को लेकर गलत जानकारी देकर उन्हें निवेश के लिए प्रेरित किया.
कंपनी ने कहा सलमान खान की नहीं है कोई भूमिका
वहीं, कंपनी पहले ही इन सभी आरोपों को खारिज कर चुकी है. कंपनी का कहना है कि 2018 में चंडीगढ़ के कारोबारी के साथ हुए समझौते में सलमान खान की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं थी. कंपनी के मुताबिक, Being Human ज्वेलरी का संचालन स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ब्रांड लाइसेंसिंग व्यवस्था के तहत स्वतंत्र रूप से किया जा रहा था. कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि साल 2015 में सलमान खान फाउंडेशन ने Being Human ब्रांड का लाइसेंस स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड को दिया था. वहीं, ज्वेलरी बिजनेस के संचालन, मार्केटिंग और बिक्री की पूरी जिम्मेदारी सिर्फ कंपनी की थी.
इस दिन होनी है सुनवाई
अब इस मामले की अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को चंडीगढ़ जिला अदालत में होगी, जहां सलमान खान, अलवीरा खान अग्निहोत्री और स्टाइल एंड कंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर्स आरोपों पर अपना पक्ष रखेंगे.
