Ramayana: निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' का पहला आधिकारिक ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं. ट्रेलर में खासतौर पर यश के दमदार अवतार ने दर्शकों का ध्यान खींचा. अब 'कांतारा' स्टार और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता एक्टर ऋषभ शेट्टी ने भी ट्रेलर की तारीफ की है.
ऋषभ शेट्टी ने 'रामायण' ट्रेलर पर क्या कहा?
ऋषभ शेट्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,
हम सभी बचपन से रामायण जैसी कहानियां सुनते आए हैं और हर किसी के मन में इन किरदारों की अपनी एक अलग कल्पना होती है. ऐसे में पूरी टीम ने जिस तरह इस दुनिया को इतने भरोसेमंद तरीके से पर्दे पर उतारा है, वह काबिल-ए-तारीफ है. नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा को मेरा सलाम.
ऋषभ ने कहा- 'हर कलाकार ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई'
ऋषभ ने आगे लिखा कि वह खुद समझ सकते हैं कि इतने बड़े और प्रतिष्ठित किरदार निभाने का दबाव कितना होता है. उन्होंने कहा,
मैं समझ सकता हूं कि ऐसे ऐतिहासिक और पूजनीय किरदार निभाते समय एक कलाकार पर कितना दबाव होता है. लेकिन फिल्म के हर कलाकार ने अपनी जिम्मेदारी शानदार तरीके से निभाई है. रवि दुबे, साई पल्लवी और रकुल प्रीत सिंह ने बेहतरीन काम किया है. वहीं ए.आर. रहमान और हैंस जिमर का संगीत हर भाव को और भी प्रभावशाली बना देता है. यह सच में शानदार म्यूजिक स्कोर है.
यश और रणबीर कपूर के लिए कही बड़ी बात
ऋषभ शेट्टी ने रणबीर कपूर और यश की अलग-अलग तारीफ करते हुए लिखा,
रणबीर कपूर, आपने भगवान राम की दिव्यता और आभा को सचमुच महसूस कराया. यश सर, आपके हर दृश्य के साथ मेरी उत्सुकता बढ़ती गई. मुझे नहीं लगता कि इस किरदार के साथ कोई और इतना न्याय कर सकता था. आपकी शानदार परफॉर्मेंस की तारीफ करने के लिए मेरे पास शब्द कम पड़ रहे हैं. एक कन्नड़िगा होने के नाते आपने हमेशा हमें गर्व महसूस कराया है.
कब रिलीज होगी 'रामायण'?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' दो भागों में रिलीज होगी. 'रामायण: पार्ट वन' दुनियाभर के सिनेमाघरों में 8 नवंबर को दिवाली के मौके पर रिलीज होगी. वहीं फिल्म का दूसरा भाग 2027 में दर्शकों के बीच आएगा. फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी और रवि दुबे के अलावा सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.
यह भी पढ़ें: रामायण' के ट्रेलर में नहीं दिखा सनी देओल का हनुमान अवतार, फैंस बोले- आखिर कहां हैं बजरंगबली?
