Rajkumar Rao: बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘टोस्टर’ को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह सिर्फ उनकी फिल्म नहीं बल्कि उनका एक बड़ा फैसला भी है. पिता बनने के बाद एक्टर की सोच और प्राथमिकताओं में बड़ा बदलाव आया है, जिसे उन्होंने हाल ही में खुलकर साझा किया. अब राजकुमार राव ने अपने करियर को लेकर ऐसा ऐलान किया है, जिसने फैंस के साथ-साथ इंडस्ट्री को भी चौंका दिया है.
पिता बनने के बाद बदली जिंदगी
हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में राजकुमार राव ने बताया कि पिता बनने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पार्वती के आने से जीवन में एक अलग ही खुशी आई है. जब भी कोई उनकी बेटी का जिक्र करता है, उनके चेहरे पर अपने आप मुस्कान आ जाती है. एक्टर ने माना कि अब उनकी प्राथमिकताएं पहले से काफी अलग हो चुकी हैं.
साल में सिर्फ 2 फिल्में करेंगे
इसी बातचीत के दौरान राजकुमार राव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब वह अपने काम को सीमित करेंगे. उन्होंने साफ कहा कि वह साल में केवल दो फिल्में ही करना चाहते हैं. उनका मानना है कि अब वह ज्यादा सोच-समझकर प्रोजेक्ट चुनेंगे, ताकि अपने काम की गुणवत्ता बेहतर रख सकें और अपने परिवार को भी पूरा समय दे सकें.
परिवार को समय देना है प्राथमिकता
राजकुमार राव ने यह भी बताया कि वह अपनी बेटी, मां और पत्नी पत्रलेखा को गर्व महसूस कराना चाहते हैं. उनके मुताबिक, अब हर फिल्म चुनते समय वह इस बात का भी ध्यान रखते हैं कि भविष्य में उनकी बेटी उन फिल्मों को देखकर क्या महसूस करेगी. यही वजह है कि उन्होंने कम लेकिन बेहतर काम करने का फैसला लिया है.
बेटी के लिए लिया काम से ब्रेक
एक्टर ने खुलासा किया कि बेटी के जन्म के बाद उन्होंने करीब पांच महीने का ब्रेक लिया था. इसके बाद वह दोबारा शूटिंग पर लौटे, लेकिन इतने लंबे समय बाद काम पर जाना उनके लिए आसान नहीं था. उन्होंने कहा कि वह अपनी बेटी के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहते हैं और उसे बड़े होते देखना उनके लिए सबसे खास अनुभव है.
यह भी पढ़ें: 30वें दिन बड़ा कारनामा, ‘धुरंधर 2’ ने ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
