खुशाली कुमार इन दिनों अपनी नई फिल्म 'दुल्हनिया ले आएगी' को लेकर चर्चा में हैं. इस फिल्म में उन्होंने पहली बार दिग्गज अभिनेता महेश मांजरेकर के साथ काम किया है. हाल ही में खुशाली ने बताया कि उनके साथ काम करना उनके लिए एक यादगार और सीख देने वाला अनुभव रहा.
सेट पर ही मिलता था हर सीन
खुशाली कुमार ने बताया कि महेश मांजरेकर पहले से स्क्रिप्ट देने में विश्वास नहीं रखते. उन्होंने कहा कि शूटिंग के दौरान हर सीन उन्हें सेट पर ही समझाया जाता था. इसके बाद वह उसी समय उस सीन के हिसाब से अभिनय करती थीं. इससे उनका अभिनय ज्यादा असली और स्वाभाविक लगा.
क्या बोलीं खुशाली कुमार?
खुशाली ने कहा, "महेश जी के साथ काम करना मेरे लिए बहुत बड़ी सीख थी. उन्होंने पहले ही बता दिया था कि वह स्क्रिप्ट पहले नहीं देंगे. हर सीन सेट पर समझाया जाता था और मैं उसी पल अपनी भावनाओं के साथ अभिनय करती थी. इससे हमारे सीन बहुत नेचुरल बने."
कंटेंट वाली फिल्मों को दे रही हैं प्राथमिकता
पिछले कुछ सालों में खुशाली कुमार ऐसी फिल्मों और सीरीज का हिस्सा बनी हैं, जिनमें कहानी और अभिनय को ज्यादा महत्व दिया गया. हाल ही में वह 'सपने वर्सेज एव्रीवन 2' में नजर आई थीं. इस सीरीज में उनके अभिनय की काफी तारीफ हुई थी.
इससे पहले वह 'धोखा: राउंड डी कॉर्नर' में आर. माधवन और 'डेढ़ बीघा ज़मीन' में प्रतीक गांधी के साथ भी काम कर चुकी हैं.
'दुल्हनिया ले आएगी' में कौन-कौन हैं?
आकाश आदित्य लांबा के निर्देशन में बनी 'दुल्हनिया ले आएगी' एक फैमिली कॉमेडी फिल्म है. फिल्म में खुशाली कुमार के साथ महेश मांजरेकर, पीयूष मिश्रा और कई अन्य कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है.
