Hrithik Roshan Kangana Ranaut Controversy: बॉलीवुड के सबसे चर्चित विवादों में शामिल ऋतिक रोशन और कंगना रनौत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. सोशल मीडिया पर We Need to Apologise to Hrithik ट्रेंड शुरू होने के कुछ ही घंटों बाद ऋतिक रोशन ने इस पर रिएक्ट किया. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया के ट्रेंड देखकर किसी एक पक्ष का सपोर्ट न करने और फैक्ट्स का इंतजार करने की बात कही. हालांकि, ऋतिक की यह प्रतिक्रिया कंगना को पसंद नहीं आई और उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए एक्टर को जवाब दिया.
कंगना रनौत ने क्या कहा?
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में ऋतिक रोशन की प्रतिक्रिया से जुड़ी एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें खुशी है कि ऋतिक को अपनी जिंदगी में सबा आजाद के रूप में सही साथी मिल गया है और दोनों साथ में अच्छे लगते हैं. कंगना ने लिखा,
प्रिय ऋतिक, मुझे खुशी है कि आपको अपना परफेक्ट पार्टनर सबा आजाद मिल गई हैं. आप दोनों साथ में बहुत अच्छे लगते हैं. आप एक कमिटेड रिश्ते में हैं, ऐसे में किसी महिला को इस तरह छेड़ना आपको शोभा नहीं देता. इसके बजाय आपको उन लोगों की निंदा करनी चाहिए जो आपके नाम का इस्तेमाल करके मुझे परेशान और बुली कर रहे हैं. कृपया इस मामले में और आग मत लगाइए और अपनी पार्टनर को भी असहज स्थिति में मत डालिए. उम्मीद है कि आप समझदारी से काम लेंगे और ऐसे बेवजह के बयान देना बंद करेंगे.
ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया ट्रेंड पर क्या कहा था?
इससे पहले लेखक फ्रेडी बर्डी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा था कि "दुनिया को ऋतिक रोशन से माफी मांगनी चाहिए." इस पोस्ट को कई लोगों ने साल 2016 में ऋतिक और कंगना के बीच हुए विवाद से जोड़कर देखा. इस पोस्ट पर रिएक्ट करते हुए एक्टर ने लिखा,
सिर्फ इसलिए किसी एक व्यक्ति का साथ देना कि अब आपको दूसरा व्यक्ति पसंद नहीं है, हमारे समाज की बड़ी समस्या का हिस्सा है. मैं इंतजार करूंगा कि जब पूरे फैक्ट और सही संदर्भ के साथ बात सामने आए, तभी कोई राय बनाई जाए. वही निष्पक्ष होगा. लेकिन आजकल इसकी परवाह आखिर करता ही कौन है?
आखिर दोबारा क्यों शुरू हुई यह बहस?
यह पूरा मामला उस समय फिर चर्चा में आया जब कंगना रनौत ने छात्र विरोध प्रदर्शनों को लेकर एक टिप्पणी की. इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने उन्हें जवाब दिया. सौरव ने मजाकिया अंदाज में कहा, "मेरे दोस्तों ने मुझसे कहा कि तुम युवा ऋतिक रोशन जैसे दिखते हो. शायद इसी वजह से कंगना तुम्हें निशाना बना रही हैं." इसके बाद सोशल मीडिया पर पुराने विवाद की चर्चा फिर तेज हो गई और "We Need to Apologise to Hrithik" ट्रेंड करने लगा.
2016 से चला आ रहा है ऋतिक-कंगना विवाद
ऋतिक रोशन और कंगना रनौत के बीच विवाद साल 2016 में शुरू हुआ था. एक इंटरव्यू के दौरान कंगना ने ऋतिक को अपना सिली एक्स कहा था. इसके बाद ऋतिक ने सार्वजनिक रूप से इस बात से इनकार किया कि दोनों कभी रिलेशनशिप में थे. मामला यहीं नहीं रुका. दोनों की तरफ से कानूनी नोटिस भेजे गए, कई सार्वजनिक बयान सामने आए और ईमेल समेत कई गंभीर आरोप भी लगे. यह विवाद महीनों तक बॉलीवुड की सबसे बड़ी खबर बना रहा.
ये भी पढ़ें: 'मेरी फिल्मों की क्लिप्स दिखाकर युवाओं को मत भटकाओ': ट्रोल्स पर फूटा कंगना रनौत का गुस्सा
