Huma Qureshi Wedding Rumours: हुमा कुरैशी इन दिनों अपनी प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ दोनों को लेकर सुर्खियों में हैं. एक तरफ उन्होंने फिल्म 'बेबी डू डाई डू' के जरिए बतौर निर्माता नई शुरुआत की है. वहीं दूसरी ओर एक्टर और एक्टिंग कोच रचित सिंह के साथ उनकी लगातार सार्वजनिक मौजूदगी ने शादी की अफवाहों को हवा दे दी है. अब इन चर्चाओं पर खुद हुमा ने चुप्पी तोड़ी है.
शादी कब करेंगी? हुमा कुरैशी ने दिया साफ जवाब
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में जब हुमा कुरैशी से उनकी शादी की योजनाओं के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया,
आप और मेरी मां, दोनों का सवाल बिल्कुल एक जैसा है. मेरे पास इस बात का कोई जवाब नहीं है कि शादी कब होगी. जब शादी होनी होगी, तब हो जाएगी. फिलहाल मेरे पास बहुत सारा काम है. यह साल मेरे लिए बेहद व्यस्त रहने वाला है और इस समय मेरा पूरा ध्यान सिर्फ अपने काम पर है.
निर्माता बनने के फैसले पर क्या बोलीं हुमा?
इसी बातचीत में हुमा कुरैशी ने अपनी फिल्म 'बेबी डू डाई डू' के जरिए निर्माता बनने के अनुभव को भी शेयर किया. उन्होंने कहा,
अपने आइडिया और अपनी कहानी की मालिक बनना बेहद रोमांचक अनुभव है. मेरा मानना है कि हर क्रिएटिव इंसान को जीवन में कम से कम एक बार फिल्म प्रोड्यूस जरूर करनी चाहिए, ताकि उसे पूरी प्रक्रिया की सही समझ मिल सके. एक एक्टर का काम कैमरे के सामने अभिनय करने तक सीमित होता है, लेकिन एक निर्माता को प्रोजेक्ट से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जिम्मेदारी संभालनी पड़ती है. सेट पर अलग-अलग स्वभाव के लोगों के साथ काम करना, पूरी टीम को संभालना और हर चीज का ध्यान रखना भी उसी की जिम्मेदारी होती है. इस सफर ने मुझे समय, पैसे और प्रोफेशनल रवैये की असली अहमियत समझाई है. हालांकि इसमें जोखिम आज भी उतना ही बड़ा है.
खुद के मौके खुद बनाने पर क्या कहा?
हुमा कुरैशी ने कहा कि वह और उनके भाई साकिब सलीम दोनों एक्टर हैं और काम के लिए दूसरे लोगों पर निर्भर रहते हैं. लेकिन उन्होंने कभी यह सोचकर खुद को पीड़ित नहीं माना कि कोई रोल उन्हें नहीं मिला. उन्होंने कहा,
हमारे पास एक ही रास्ता था कि हम अपने लिए खुद मौके तैयार करें. इसी सोच के साथ हमने अपना प्रोडक्शन हाउस 'सलीम सिबलिंग्स' शुरू किया. हर अच्छी कहानी के लिए बहुत बड़े बजट की जरूरत नहीं होती. कई फिल्में कम बजट में भी दर्शकों को पूरी तरह बांध सकती हैं. हमारी फिल्म 'बेबी डू डाई डू' अब अपने पांचवें हफ्ते में है और देशभर के सिनेमाघरों में अभी भी इसके शो चल रहे हैं.
फिल्म के बारे में जानिए
'बेबी डू डाई डू' का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है. फिल्म में हुमा कुरैशी, सिकंदर खेर और चंकी पांडे अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. यह फिल्म 3 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.
