12 जून को बॉक्स ऑफिस पर तीन हिंदी फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’, दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना और शरवरी स्टारर ‘मैं वापस आऊंगा’ के साथ ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ भी सिनेमाघरों में रिलीज हुई. विक्रम भट्ट के निर्देशन में बनी हॉरर फिल्म ने कमाई के मामले में दोनों बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. फिल्म की सफलता पर अब ‘हॉन्टेड 3डी’ की एक्ट्रेस चेतना पांडे ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
कंगना रनौत की बड़ी फैन हैं चेतना पांडे
जूम के साथ एक इंटरव्यू में चेतना पांडे ने कहा, “कंगना ने ‘गैंगस्टर’ से लेकर ‘तनु वेड्स मनु’ जैसी कई शानदार फिल्में की हैं. मैं उनकी बहुत बड़ी फैन हूं, सच कहूं तो मैं उनकी फैन गर्ल हूं. जब मुझे पता चला कि उनकी फिल्म हमारी फिल्म के साथ रिलीज हो रही है, तो मुझ पर थोड़ा दबाव था. लेकिन साथ ही मुझे खुशी भी थी, क्योंकि मुझे जिंदगी में हमेशा छोटे-छोटे मौके ही मिले हैं.”
‘आउटसाइडर होने के बावजूद आज यहां खड़ी हूं’
चेतना पांडे ने आगे कहा, “मैं इंडस्ट्री में एक आउटसाइडर हूं और मेरे पास कोई बैकअप नहीं है. इसके बावजूद मैं बॉक्स ऑफिस पर शरवरी जैसे बड़े नामों के बीच खड़ी हूं. यह इम्तियाज सर और दिलजीत दोसांझ की फिल्म है. इसलिए यह पल मेरे लिए भावुक कर देने वाला है.” उन्होंने आगे कहा, “भगवान की कृपा और दर्शकों के प्यार की वजह से हमारी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. यह मेरे लिए खुशी और भावनाओं से भरा हुआ समय है.”
बॉक्स ऑफिस पर किस फिल्म ने मारी बाजी?
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों की बात करें तो ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ ने तीन दिनों में 9.36 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. वहीं कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ तीन दिनों में करीब 4.25 करोड़ रुपये ही जुटा सकी. दूसरी ओर इम्तियाज अली की ‘मैं वापस आऊंगा’ ने शुरुआती तीन दिनों में लगभग 5.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया. ऐसे में शुरुआती वीकेंड में ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ ने कमाई के मामले में बाकी दोनों फिल्मों को पीछे छोड़ दिया.
यह भी पढ़ें- ‘गदर’ में सनी देओल के अपोजिट काम को लेकर अमीषा पटेल के मन में थे कई सवाल, फिर ऐसे मिला सकीना का रोल
