Akshay Kumar Top 5 Opening Day Movies: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार एक बार फिर अपनी नई हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला‘ के साथ स्क्रीन पर लौट आए हैं. 17 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म को फैंस का जबरदस्त प्यार मिल रहा है. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज से पहले ही ‘पेड प्रीव्यू’ से 3.40 करोड़ रुपये कमा लिए थे. वहीं, पहले दिन की कमाई 12.25 करोड़ रुपये रही. कुल मिलाकर ‘भूत बंगला’ ने अब तक भारत में 16 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है. भूत बंगला’ तो कमाल कर ही रही है, लेकिन उनके करियर की ये 5 फिल्में पहले दिन कमाई के मामले में सबसे आगे हैं.
मिशन मंगल
अक्षय कुमार के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म ‘मिशन मंगल’ है, जो 15 अगस्त साल 2019 में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हुई थी. इस फिल्म में अक्षय के साथ विद्या बालन, तापसी पन्नू और सोनाक्षी सिन्हा जैसे सितारों की लंबी फौज थी. फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट ने दर्शकों पर ऐसा जादू चलाया कि इसने पहले ही दिन 29.16 करोड़ रुपये की ताबड़तोड़ कमाई कर एक नया रिकॉर्ड खड़ा कर दिया था.
सूर्यवंशी
रोहित शेट्टी के पुलिस यूनिवर्स की फिल्म ‘सूर्यवंशी’ अक्षय के करियर की दूसरी सबसे बड़ी ओपनर है. साल 2021 में दिवाली के खास मौके पर रिलीज हुई इस फिल्म में अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म में अजय देवगन और रणवीर सिंह का कैमियो भी चर्चा में रहा था. इस एक्शन पैक्ड फिल्म ने ओपनिंग डे पर 26.29 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी.
गोल्ड
साल 2018 में आई फिल्म ‘गोल्ड’ अक्षय की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म मानी जाती है. आजादी के बाद भारत के पहले ओलंपिक गोल्ड मेडल की कहानी दिखाने वाली इस फिल्म में अक्षय के साथ मौनी रॉय, कुणाल कपूर और अमित साध नजर आए थे. फिल्म ने अपनी रिलीज के पहले दिन ही 25.25 करोड़ रुपये का जोरदार कारोबार करके सबको हैरान कर दिया था.
हाउसफुल 5
अक्षय कुमार की सुपरहिट कॉमेडी सीरीज की फिल्म ‘हाउसफुल 5’ भी इस लिस्ट में शामिल है. यह फिल्म 6 जून 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज की गई थी, जिसमें अक्षय के साथ रितेश देशमुख, अभिषेक बच्चन और जैकलीन फर्नांडीज जैसे कई बड़े कलाकार दिखाई दिए थे. कॉमेडी के शौकीन दर्शकों ने इस फिल्म को हाथों-हाथ लिया और इसने पहले दिन 24 करोड़ रुपये का दमदार कलेक्शन किया था.
केसरी
सारागढ़ी की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित फिल्म ‘केसरी’ अक्षय के करियर की पांचवीं सबसे बड़ी ओपनर है. यह फिल्म साल 2019 में रिलीज हुई थी, जिसमें अक्षय कुमार के अपोजिट परिणीति चोपड़ा थीं. 21 सिखों की वीरता दिखाने वाली इस फिल्म ने पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर 21.06 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
यह भी पढ़ें: भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ इस दिन होगी रिलीज, दिखेगी रणबीर-आलिया और विक्की की तिकड़ी
