बॉलीवुड के खिलाड़ी कहे जाने वाले अक्षय कुमार ने एक बार फिर अपने खतरनाक स्टंट्स को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. हाल ही में एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि फिल्मों की शूटिंग के दौरान कई बार ऐसे हालात बने, जब उनकी जान पर बन आई थी. बावजूद इसके उन्होंने कभी रिस्क लेने से पीछे नहीं हटे.
जब स्टंट बन गया जानलेवा खतरा
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शुभंकर मिश्रा के पॉडकास्ट में अक्षय कुमार ने बताया कि फिल्म सैनिक की शूटिंग के दौरान एक स्टंट करते समय उनकी हालत खराब हो गई थी. उन्होंने कहा, “एक बार ‘सैनिक’ में ऐसा हुआ था कि एक बिल्डिंग से दूसरी बिल्डिंग पर जाते वक्त मेरा हाथ थक गया था. मुझे लगा कि मैं गिर जाऊंगा. उस समय कोई वीएफएक्स नहीं होता था, हमें खुद ही सब करना पड़ता था.” उन्होंने आगे फिल्म इंटरनेशनल खिलाड़ी का जिक्र करते हुए कहा, “एक सीन में मेरी आधी बॉडी कट सकती थी. सामने से एक कैटमरैन आ रहा था और मेरी बोट उसके बीच से गुजरने वाली थी. अगर जरा भी गलती होती तो मैं पूरी तरह कट सकता था, लेकिन मैं बच गया.” अक्षय ने एक और खतरनाक स्टंट को याद करते हुए बताया, “जब मैंने ‘खिलाड़ी 786’ में जंप मारा था, मुझे हॉट एयर बैलून पर उतरना था. उस वक्त भी मैं बाल-बाल बच गया.”
परिवार का भरोसा
इतने खतरनाक अनुभवों के बावजूद अक्षय कुमार का कहना है कि उनके परिवार को अब उनकी आदत हो गई है. उनकी पत्नी ट्विंकल खन्ना को भरोसा है कि वह हर बार सुरक्षित लौट आएंगे. अक्षय ने हंसते हुए कहा, “वह बस यही सोचती हैं कि वो आ जाएगा, ठीक-ठाक आ जाएगा.”
भूत बंगला में स्टंट के दौरान हादसा
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार हाल ही में फिल्म भूत बंगला में नजर आए. इस फिल्म के एक स्टंट सीन के दौरान भी वह चोटिल हो गए थे. एक वीडियो में दिखा कि वह हवा में किक मारते हुए बैलेंस खो बैठे और लैंडिंग के समय चोट लग गई.
यह भी पढ़ें- ओपनिंग डे पर ‘भूत बंगला’ की अच्छी कमाई, फिर भी नहीं तोड़ पाई ‘धुरंधर 2’ के ओपनिंग डे का रिकॉर्ड
