रास में उठा ‘पद्मावती'' के सेट पर हुए हमले का मुद्दा, बोलीं जया बच्‍चन- कड़े कदम उठाएं...

नयी दिल्ली: राज्यसभा में आज समाजवादी पार्टी की सदस्य जया बच्चन ने जयपुर में शूटिंग के दौरान फिल्म ‘पद्मावती’ के सेट पर हुए हमले का जिक्र किया. उन्‍होंने मांग की कि बड़ी संख्या में रोजगार देने वाले फिल्म उद्योग के लोगों के साथ होने वाली इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े […]

नयी दिल्ली: राज्यसभा में आज समाजवादी पार्टी की सदस्य जया बच्चन ने जयपुर में शूटिंग के दौरान फिल्म ‘पद्मावती’ के सेट पर हुए हमले का जिक्र किया. उन्‍होंने मांग की कि बड़ी संख्या में रोजगार देने वाले फिल्म उद्योग के लोगों के साथ होने वाली इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाने चाहिए.

शून्यकाल में जया ने यह मुद्दा उठाते हुए कहा कि हमारे संविधान में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता दी गई है लेकिन हालिया समय में असहिष्णुता की घटनाओं में वृद्धि हुई है और ज्यादातर मामलों में यह कथित राजनीतिक संरक्षण के चलते हुआ है. जो लोग इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते हैं उनका कानून व्यवस्था से कोई लेना देना नहीं होता.

उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग भी इसी तरह की समस्या का शिकार अक्सर होता है. उन्होंने कहा कि इस बात पर ध्यान दिया जाना चाहिए कि फिल्म उद्योग बहुत बडी संख्या में रोजगार सृजित करता है और केवल मनोरंजन के उद्देश्य से कल्पनाओं को उडान दे कर फिल्म का निर्माण करता है.’

जया ने कहा कि हाल ही में निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावती’ की जयपुर में शूटिंग के दौरान इसके सेट पर तोडफोड की गई, महंगे उपकरण नष्ट किए गए और भंसाली पर हमला किया गया. उन्होंने कहा कि भंसाली जानामाना नाम हैं और उनके साथ इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए.

जया ने कहा कि भंसाली ऐसे पहले भारतीय निर्देशक हैं जिन्होंने वर्ष 2008 में ‘पद्मावती’ ऑपेरा का पेरिस के थिएटर दू शैटेलेट में निर्देशन किया था. उन्होंने कहा कि रचनात्मकता के साथ इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए और बडी संख्या में रोजगार देने वाले फिल्म उद्योग के लोगों के साथ होने वाली इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए. विभिन्न दलों के सदस्यों ने उनके इस मुद्दे से स्वयं को संबद्ध किया.

उल्लेखनीय है कि गत 27 जनवरी को जयपुर के जयगढ किले में चल रही ‘पद्मावती’ की शूटिंग के दौरान कथित तौर पर राजपूत करणी सेना के लोगों ने हमला कर दिया था. इस फिल्म में रानी पद्मावती की भूमिका दीपिका पादुकोण निभा रही हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >