मुंबई : बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान का कहना है कि वह अपने दोस्त और समकालिक अभिनेता शाहरुख खान के फैन हैं. शाहरुख की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘फैन’ का ट्रेलर साझा करते हुए सलमान ने यह बात ट्विटर पर बताई. सलमान इनदिनों अपनी आगामी फिल्म ‘सुल्तान’ की शूटिंग कर रहे हैं जिसमें वे एक रेसलर की भूमिका में नजर आनेवाले हैं.
उन्होंने लिखा, ‘सलमान खान शाहरुख का फैन है.’ यह पहली दफा नहीं है जब सलमान ने शाहरुख की फिल्म के लिए प्रचार किया हो. इससे पहले उन्होंने ‘दिलवाले’ के प्रचार के लिए कई सारे ट्वीट किए थे और वीडियो भी बनाए थे. शाहरुख ने भी सलमान की ‘प्रेम रतन धन पायो’ के लिए वीडियो बनाया था.
‘फैन’ का निर्देशन मनीष शर्मा ने किया है और निर्माण यश राज फिल्म्स ने किया है. फिल्म 15 अप्रैल को रिलीज हो रही है. फिल्म में शाहरुख डबर रोल में नजर आयेंगे. शाहरुख और सलमान की दोस्ती ‘बिग बॉस’ के मंच पर भी नजर आई थी जहां दोनों एकदूसरे के साथ मस्ती करते और दर्शकों को एंटरटेन करते दिखाई दिये थे.
