Bhooth Bangla Collection: रिलीज के तीन हफ्ते पूरे होने के बाद ‘भूत बंगला’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन पार कर लिया है. इसी के साथ यह साल 2026 की बॉलीवुड की तीसरी बड़ी हिट फिल्म बन गई है. इससे पहले ‘बॉर्डर 2’ और ‘धुरंधर 2’ दर्शकों का दिल जीत चुकी हैं. फिल्म को दर्शकों से लगातार अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और वीकडेज में भी इसकी कमाई स्थिर बनी हुई है. बड़े बजट की नई फिल्मों की कमी का फायदा भी ‘भूत बंगला’ को मिल रहा है.
21वें दिन भी कायम रही फिल्म की पकड़
sacnilk की एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘भूत बंगला’ ने रिलीज के 21वें दिन भारत में करीब 1.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. यह आंकड़ा पिछले दिन की कमाई के बराबर है. अब तक फिल्म का कुल भारत नेट कलेक्शन 150 करोड़ रुपये पहुंच चुका है, जबकि भारत में ग्रॉस कलेक्शन लगभग 177.98 करोड़ रुपये हो गया है. वहीं, दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई 234.93 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने अब तक लगभग 56.95 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है.
रात के शो में बढ़ी दर्शकों की भीड़
21वें दिन फिल्म की कुल थिएटर ऑक्यूपेंसी करीब 13.71 प्रतिशत दर्ज की गई. सुबह के शो में दर्शकों की संख्या कम रही और ऑक्यूपेंसी केवल 5.54 प्रतिशत रही. हालांकि जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, फिल्म को बेहतर रिस्पॉन्स मिलता गया. दोपहर के शो में ऑक्यूपेंसी 10.31 प्रतिशत रही, जबकि शाम के शो में यह आंकड़ा थोड़ा बढ़कर 10.38 प्रतिशत पहुंच गया. सबसे ज्यादा भीड़ रात के शो में देखने को मिली, जहां ऑक्यूपेंसी करीब 16.38 प्रतिशत रही.
चौथे वीकेंड में बढ़ सकती है कमाई
अगर फिल्म को चौथे शुक्रवार तक 155 करोड़ का आंकड़ा पार करना है तो इसे कम से कम 5 करोड़ रुपये की और कमाई करनी होगी. हालांकि फिलहाल सिनेमाघरों में कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है, इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले वीकेंड पर ‘भूत बंगला’ की कमाई में फिर उछाल देखने को मिल सकता है.
यह भी पढ़ें- 20वें दिन भी 150 करोड़ से दूर रही ‘भूत बंगला’, बॉक्स ऑफिस पर घटा क्रेज
