अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने लॉस एंजिलिस में अपने अमेरिकी प्रेमी जीन गुडएनफ के साथ एक निजी समारोह में शादी कर ली. गुडएनफ अमेरिका की एक पनबिजली कंपनी में सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (वित्त) के पद पर कार्यरत हैं. प्रीति ने अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में अपने जीवन की नयी पारी की शुरुआत की.
हालांकि 41 साल की अभिनेत्री ने अपनी शादी को लेकर कुछ नहीं कहा है, प्रसिद्ध अभिनेता और उनके दोस्त कबीर बेदी ने ट्विटर पर उन्हें बधाई देकर खबर की पुष्टि कर दी.उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मेरी दोस्त प्रीति जिंटा को सिटी ऑफ एंजेल्स लॉस एंजिलिस में जीन से शादी के लिए बधाई. शुभकामनाएं.’ प्रीति की करीबी दोस्त सुजैन खान की बहन प्रसिद्ध ज्वैलरी डिजाइनर फराह खान अली ने भी अभिनेत्री को शादी की बधाई दी. सुजैन प्रीति की शादी के लिए लॉस एंजिलिस में थीं.
फराह ने कहा, ‘‘प्रीति जिंटा तुम्हें शादी की बधाइयां. भारत से बहुत सारा प्यार और शुभकामनाएं.’ प्रीति ने ‘दिल से’ से अपने फिल्म करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने ‘क्या कहना’, ‘वीर जारा’, ‘सलाम नमस्ते’, ‘कल हो ना हो’, ‘संघर्ष’ जैसी कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभायी .
अपने शानदार एक्टिंग से दशकों तक भारतीय सिनेमा जगत में राज करने वाली प्रीति ने करियर की शुरुआत "दिल से " फिल्म से की. इसके बाद उन्होंने बॉबी देओल के साथ "सोल्जर " फिल्म की. अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और चुलबुली स्वभाव की वजह से वो सिनेमा में बुलंदियों को छूने लगी. इस बीच प्रीति का नाम नेस वाडिया के साथ जुड़ा, लेकिन यह रिश्ता ज्यादा दिन नहीं चल पाया.
नेस वाडिया के साथ उनके प्रेम संबंधों का अंत मुकदमे के साथ हुआ. प्रीति अब अकेले हो गयी थी लिहाजा वो अमेरिका चली गयी. इसके बाद इन्हें जीन गुडएनफ से मुलाकात हुई. हालांकि प्रीति और जीन के रिश्तों की चर्चा पहले से ही थी, लेकिन आज इस तरह के कयासों पर विराम लग गया.
