नयी दिल्ली : बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान का केरियर करीब दो दशक से अधिक लंबा है और उन्होंने करीब 100 फिल्मों में काम किया है लेकिन उनका कहना है कि अपनी आने वाली फिल्म ‘फैन’ को फिल्माने में उन्होंने खुद को अक्षम पाया. 50 वर्षीय अभिनेता का मानना है कि निर्देशक मनीष शर्मा के दिशा-निर्देश के बिना वह गौरव की भूमिका के साथ न्याय नहीं कर सकते थे.
‘फैन’ में शाहरुख दोहरी भूमिका में नजर आयेंगे. एक भूमिका में वह सुपरस्टार आर्यन खन्ना होंगे और दूसरी में कम उम्र का उनका प्रशंसक गौरव. आर्यन ‘दिलवाले’ स्टार के वास्तविक जीवन के करीब हैं और उन्हें एक प्रशंसक की मन:स्थिति को समझने में कुछ समय लगता है.
शाहरुख खान ने बताया, ‘मैं यह नहीं कह सकता हूं कि यह आसान था क्योंकि मैं एक फिल्म अभिनेता की भूमिका में हूं, यह मैं वास्तविक जीवन में करता हूं ऐसे में यह आपको वास्तविक दुनिया से बाहर नहीं ले जाता है… मनीष और पूरी टीम को पूरी तरह से समझ था कि गौरव कैसा है.’
उन्होंने बताया, ‘गौरव जिस तरह से दिखता है उसके लिए 50 प्रतिशत शारीरिक रुपांतरण, कृत्रिम बनावट और वीएफएक्स का इस्तेमाल किया गया है. मुझे नहीं लगता है कि मनीष जो चाहते थे उसका मैने 100 प्रतिशत दिया है क्योंकि वह इसके बारे में काफी स्पष्ट थे.’
अभिनेता ने बताया कि अपने केरियर में मैने जो भूमिकाएं की हैं उसमें से काफी का श्रेय मुझे है लेकिन यह खास भूमिका जो मैंने निभाई है उसे निर्देशक की ईच्छानुसार किया है.
