बॉलीवुड अभिनेत्री सुरवीन चावला के पति अक्षय ठक्कर और भाई मनविंदर सिंह चावला के खिलाफ पंजाब की होशियारपुर पुलिस ने सेक्शन 420 के तहत धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है. फगवाड़ा रोड निवासी सत्यपाल गुप्ता और उनके बेटे पकंज गुप्ता ने अपनी शिकायत में कहा है कि तीनों आरोपियों ने पैसा डबल कराने का भरोसा दिलाकर फिल्म में उनसे 40 लाख रुपये लगवाये थे, लेकिन बाद में पैसे देने से इंकार कर दिया.
सुरवीन की न्यूजीलैंड में सतपाल से मुलाकात हुई थी. सत्यपाल गुप्ता और उनके बेटे पंकज गुप्ता ने खुलासा किया कि पंकज की सुरवीन के भाई मनविंदर सिंह से जान पहचान थी.
सतपाल गुप्ता का कहना है कि, इन तीनों ने फिल्म नील बटे सन्नाटा में पैसे लगाने के लिए कहा और यह भी वादा किया कि उसे 40 लाख के 50 लाख रुपये देगें. उन्होंने यह भी कहा था कि पैसा 6 महीने में लौटा देंगे.’ सतपाल ने यह भी कहा कि उन्हें विश्वास दिलाया गया कि फिल्म रिलीज होने के 6 महीने में वह 70 लाख रुपये लौटा देंगे.
22 अप्रैल 2016 को फिल्म रिलीज भी हो गई और हम इनसे ई-मेल से संपर्क करते रहे और बार-बार कहने पर भी फिल्म का हिसाब नहीं दिया. उन्होंने फोन उठाना भी बंद कर दिया. इसके बाद सतपाल गुप्ता ने सुरवीन चावला, अक्षय ठक्कर और मनविंदर सिंह के खिलाफ 420 का मामला दर्ज कराया.
बता दें कि सुरवीन ने फिल्म ‘हेट स्टोरी 2’ में लीड रोल के साथ बॉलीवुड में डेब्यू किया था. कुछ समय पहले वे अजय देवगन की प्रोड्यूस की गई फिल्म पार्च्ड में नजर आई थीं जिसमें उनके किरदार को खूब सराहा गया था. बॉलीवुड में आने से पहले सुरवीन तमिल, तेलुगू और पंजाबी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं.
सुरवीन पंजाबी फिल्मों का एक जाना-माना नाम है. उन्हें पंजाबी फिल्मों के लिए कई सारे अवार्ड मिल चुके हैं. सुरवीन ने कुछ समय पहले बताया था कि उन्हें कास्टिंग काउच का सामना करना पड़ा था.
