बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान ने कास्टिंग काउच को लेकर एक ऐसा बयान दे दिया है जिसका जमकर विरोध हो रहा है. आमतौर पर सेलेब्स कास्टिंग काउच को लेकर विरोध जताते आ रहे है, ऐसे में सरोज खान का कास्टिंग काउच के बचाव में बयान देना चौंकाने वाला है. उनकी कड़ी आलोचना हो रही है. सरोज खान ने कहा फिल्म में अगर यौन शोषण या कास्टिंग काउच होता है तो उसके बदले खान के लिए रोटी भी तो मिलती है.
पुणे में एक कार्यक्रम में सरोज खान ने कहा, ‘कास्टिंग काउच सभी जगहों में पाया जाता है लेकिन लोग बॉलीवुड या फिल्म इंडस्ट्री पर ही इस प्रकार का आरोप और लांछन लगाते हैं. अन्य क्षेत्रों में भी यह बड़े पैमाने पर होता है.’
सरोज खान ने कहा,’ यह तो बाबा आदम के जमाने से चला आ रहा है. हर लड़की पर लोगों की बुरी दृष्टि होती है और मौके की तलाश में रहते हैं. तुम फिल्म इंडस्ट्री के पीछे क्यों पड़े हो ? वो कम से कम रोटी तो देती है.’ उन्होंने इस मौके पर कहा वह रेप जैसे क्राइम को सही नहीं ठहरा रही हैं.
सरोज खान आगे कहा कि, यह लड़की पर निर्भर करता है कि वह क्या चाहती हैं. वह चाहे तो कास्टिंग काउच जैसी चीजों से बच सकती हैं. अगर तुम्हारे पास कला है तो फिर क्यों बेचोगे अपनेआप को. फिल्म इंडस्ट्री को कुछ मत कहना वो हमारा माई-बाप है.’
