मुंबई : बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन की ‘रेड’ फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई करके एक बार फिर से साबित कर दिया कि उनका मुकाबला करना काफी मुश्किल है. अब तक फिल्म ने 91 करोड़ की कमाई कर ली है. इस खबर के इतर , पिछले दिनों मीडिया से बात करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने अजय देवगन के बारे में ऐसी बात बतायी जिसे जानकर आप भी चौंक जाएंगे.
अजय देवगन को इंडस्ट्री का ऐसा कलाकार कहा जाता है जिसे अपनी बात जाहिर करने के लिए डायलॉग का इस्तेमाल कम करना पड़ता है. ऐसा इसलिए क्योंकि उनकी आंखें ही बहुत कुछ कह डालतीं हैं. निजी जिंदगी में अजय देवगन कम बोलना पसंद करते हैं लेकिन उनका मजाक अक्सर अभिनेत्रियों पर भारी पड़ जाता है. यहां तक कि वह रोने तक लगती है.
हाल ही में सोनाक्षी सिन्हा ने अजय के इसी मजाकिया अंदाज का जिक्र मीडिया के समक्ष किया. उन्होंने बताया कि अजय और मैं पटियाला में फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. तभी अजय मेरे पास एक बॉउल में गाजर का हलवा लेकर पहुंचे और बार बार मुझसे खाने का आग्रह करने लगे. आगे सोनाक्षी ने बताया कि अजय के बहुत कहने पर मैंने जैसी ही हलवे को मुंह में लिया तो मेरी आंखों से आंसू निकल गये. तब उन्हें पता चला कि वह हलवा नहीं बल्कि लाल मिर्च पाउडर है. इस घटना के बाद से मैं बहुत सतर्क होकर उनके साथ काम करती हूं.
आपको बता दें कि सोनाक्षी और अजय एक साथ अब तक तीन फिल्मों में काम कर चुके हैं. हिम्मतवाला, सन ऑफ सरदार और एक्शन जैक्सन में दोनों साथ नजर आये हैं. सोनाक्षी की बात करें तो उनकी हाल ही में ‘वेलकम टू न्यूयॉर्क’ फिल्म रिलीज हुई हालांकि वह कुछ खास कमाल नहीं दिखा पायी. सोनाक्षी जल्द ही सलमान खान के साथ ‘दबंग 3’ में दिखेंगी.
