Babuji Trailer Out: भोजपुरी सिनेमा में इन दिनों एक ऐसी फिल्म चर्चा में है, जिसका ट्रेलर रिलीज होते ही लोगों के दिलों को छू गया है. प्रोड्यूसर रत्नाकर कुमार और डायरेक्टर पराग पाटिल की अपकमिंग फिल्म “बाबू जी” का ट्रेलर वर्ल्ड वाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर लॉन्च कर दिया गया है. रिलीज के साथ ही यह ट्रेलर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसकी कहानी की तुलना अमिताभ बच्चन की सुपरहिट फिल्म ‘बागवान’ से करने लगे हैं.
समाज की कड़वी सच्चाई दिखाती फिल्म
हालांकि, ‘बाबू जी’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि समाज की एक कड़वी सच्चाई को सामने लाने की कोशिश है. ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे आज के दौर में कुछ बच्चे अपने ही माता-पिता के प्रति संवेदनहीन होते जा रहे हैं. कहानी उन बुजुर्ग मां-बाप के दर्द को दिखाती है, जिन्हें उनके अपने बच्चे घर से निकाल देते हैं और वो बेघर होकर दर-दर भटकने को मजबूर हो जाते हैं.
बच्चे के खिलाफ न्यायिक लड़ाई
फिल्म में एक बेहद इमोशनल मोड़ तब आता है, जब मुश्किल हालात का सामना करते-करते मां की मौत हो जाती है और पिता को मजबूरन अपने ही बच्चों के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़नी पड़ती है. यह कहानी हर उस माता-पिता की भावनाओं को छूती है, जो अपने बच्चों के लिए पूरी जिंदगी खपा देते हैं, लेकिन बदले में उन्हें अकेलापन मिलता है. ट्रेलर में भोजपुरी सिनेमा के महानायक अवधेश मिश्रा की दमदार एक्टिंग एक बार फिर दर्शकों को प्रभावित कर रही है.
पराग पाटिल ने किया डायरेक्ट
फिल्म को रत्नाकर कुमार ने प्रोड्यूस किया है, जबकि को-प्रोड्यूसर निवेदिता कुमार हैं. निर्देशन की कमान पराग पाटिल ने संभाली है. फिल्म की कहानी राकेश त्रिपाठी ने लिखी है और डीओपी आर.आर. प्रिंस हैं. गीत दुर्गेश भट्ट और धरम हिंदुस्तानी ने लिखे हैं, जबकि फिल्म के पीआरओ रंजन सिन्हा हैं.
यह भी पढे़ं: अक्षय कुमार की पंक्चुअलिटी से घबराती हैं बॉलीवुड वाइव्स, ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में खुले राज
