1980s AI Photo Trend Bollywood: सोशल मीडिया पर इन दिनों 1980 के दशक का रेट्रो अंदाज छाया हुआ है. फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार पुराने जमाने की तस्वीरें नहीं, बल्कि AI की मदद से तैयार की गई नई तस्वीरें लोगों का ध्यान खींच रही हैं. आम सोशल मीडिया यूजर्स से लेकर बॉलीवुड सितारों, कई चर्चित चेहरे खुद को 80s के फैशन और सिनेमाई अंदाज में देख रहे हैं. इस ट्रेंड में मॉडर्न तस्वीरों को AI की मदद से इस तरह बदला जाता है कि उनमें पुराने दौर की हेयरस्टाइल, कपड़े, लाइटिंग और फिल्मी फोटोग्राफी की झलक दिखाई देती है.
कियारा और सिद्धार्थ का दिखा रेट्रो अंदाज
इस वायरल ट्रेंड में बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी शामिल हो गई है. कियारा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दोनों की AI से बनाई गई एक तस्वीर शेयर की, जिसमें कपल बिल्कुल 80s के बॉलीवुड स्टार्स जैसा नजर आया. तस्वीर में सिद्धार्थ ने डेनिम शर्ट के साथ सफेद टी-शर्ट और डार्क एविएटर सनग्लासेस पहने हुए हैं.
वहीं कियारा पिंक कलर की पफ-स्लीव ड्रेस, ब्लैक कमर बेल्ट और बड़े हूप ईयररिंग्स में नजर आईं. कियारा ने इस तस्वीर के साथ ‘Back to the 80’s’ लिखा. उन्होंने बैकग्राउंड में सिद्धार्थ की आने वाली फिल्म The Vvaan: Force of the Forrest का रोमांटिक गाना ‘Samjho Na’ भी लगाया है.
परिणीति और राघव भी बने 80s कपल
परिणीति चोपड़ा और उनके पति राघव चड्ढा ने भी इस ट्रेंड को अपने अंदाज में फॉलो किया. परिणीति ने AI से तैयार कई रेट्रो तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं. एक तस्वीर में दोनों रंग-बिरंगे कार्निवल जैसे बैकग्राउंड में नजर आए, जहां वे बड़े आकार की पिंक कॉटन कैंडी के साथ पोज देते दिखे.
उनके लुक में 80s की वॉल्यूम वाली हेयरस्टाइल, बोल्ड मेकअप और चमकीले रंगों का इस्तेमाल किया गया.
कैसे तैयार हो रही हैं ये AI तस्वीरें?
इस ट्रेंड की सबसे खास बात यह है कि इसके लिए किसी प्रोफेशनल फोटोशूट की जरूरत नहीं है. यूजर अपनी एक साफ तस्वीर AI इमेज टूल में अपलोड करके ऐसा प्रॉम्प्ट दे सकते हैं, जिसमें 1980 के दशक के कपड़े, हेयरस्टाइल, बैकग्राउंड, गर्म रोशनी और फिल्म ग्रेन जैसे डिस्क्रिप्शन शामिल है. AI चेहरे की पहचान को बरकरार रखते हुए पूरी तस्वीर को पुराने दौर के अंदाज में बदल देता है.
दरअसल, 80s AI ट्रेंड सिर्फ एक फोटो फिल्टर नहीं बल्कि टेक्नोलॉजी और नॉस्टैल्जिया का दिलचस्प मेल है. यही वजह है कि बॉलीवुड जगत के जाने-माने चेहरे भी इसमें शामिल होकर अपने फैंस को पुराने दौर की याद दिला रहे हैं.
