स्कूली बच्चों के लिए रक्षाबंधन पर धांसू गेम्स आईडिया, हर बच्चा खिलखिला उठेगा

Raksha Bandhan School Activities 2026: रक्षाबंधन स्कूल में भी मनाया जाता है. इस मौके पर नर्सरी से लेकर मिडिल स्कूल तक के बच्चों के लिए कई सारे गेम्स आयोजित किए जाते हैं. स्कूल का उद्देश्य ये होता है कि छात्रों को जानकारी मिलने के साथ-साथ उनकी क्रिएटिविटी और टीमवर्क बढ़े.

Raksha Bandhan School Activities 2026: रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के प्यार और आपसी विश्वास का प्रतीक है. स्कूलों में भी इस मौके को बच्चों के लिए यादगार और मजेदार बनाया जा सकता है. अगर आप भी रक्षाबंधन पर स्कूल में कुछ खास एक्टिविटीज और गेम्स कराने की तैयारी कर रहे हैं, तो बच्चों की उम्र और कक्षा के हिसाब से अलग-अलग गतिविधियां आयोजित कर सकते हैं.

नर्सरी से लेकर मिडिल स्कूल तक के बच्चों के लिए ऐसी एक्टिविटीज रखी जा सकती हैं, जिनमें उन्हें त्योहार की जानकारी मिलने के साथ-साथ उनकी क्रिएटिविटी, टीमवर्क और आत्मविश्वास भी बढ़े.

प्री-प्राइमरी और नर्सरी के लिए एक्टिविटीज

Nursery, LKG और UKG के बच्चों के लिए आसान, रंगीन और क्रिएटिव गतिविधियां बेहतर रहेंगी. इस उम्र में बच्चों को ऐसी एक्टिविटी दी जा सकती हैं, जिनमें उनकी फाइन मोटर स्किल्स भी विकसित हों.

  1. फोम और स्टिकर से बनाएं राखी

बच्चों को रेडीमेड फोम कटआउट, रिबन और रंग-बिरंगे स्टिकर्स देकर अपनी पसंद की राखी बनाने के लिए कहें. शिक्षक बच्चों की मदद कर सकते हैं.

  1. राखी कलरिंग शीट

बच्चों को राखी, भाई-बहन या रक्षाबंधन से जुड़े चित्रों वाली कलरिंग शीट दें. बच्चे क्रेयॉन या वॉटर कलर से इनमें रंग भर सकते हैं.

  1. 'भैया राखी बंधवा लो' रोल-प्ले

बच्चों से भाई-बहन के बीच होने वाली छोटी सी बातचीत का रोल-प्ले कराया जा सकता है. इससे बच्चों का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और वे त्योहार के बारे में भी जानेंगे.

  1. प्रकृति की रक्षा का संदेश

बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए स्कूल परिसर में पेड़ों पर इको-फ्रेंडली राखी बांधने की गतिविधि कराई जा सकती है. बच्चों को समझाया जा सकता है कि पेड़ भी हमारे जीवन की रक्षा करते हैं.

  1. गेम- पास द पार्सल

म्यूजिक बजने के दौरान बच्चे राखी का डिब्बा एक-दूसरे को पास करें. म्यूजिक रुकने पर जिसके हाथ में डिब्बा हो, उसे कोई कविता या छोटी सी राइम सुनानी होगी.

कक्षा 1 से 4 के बच्चों के लिए एक्टिविटीज

प्राइमरी कक्षाओं के बच्चे अपनी क्रिएटिविटी का इस्तेमाल करते हुए राखी और सजावट से जुड़ी कई एक्टिविटीज कर सकते हैं.

  1. DIY राखी प्रतियोगिता

दाल, चावल, मौली, रंगीन धागे और पुराने कपड़ों जैसी चीजों की मदद से बच्चे अपनी राखी तैयार कर सकते हैं. सबसे क्रिएटिव राखी को पुरस्कार दिया जा सकता है.

  1. पूजा थाली डेकोरेशन

बच्चों को प्लेट या थाली सजाने के लिए दें. वे फूल, रंग, दीये और अन्य सजावटी सामान का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए एक छोटी प्रतियोगिता भी रखी जा सकती है.

  1. ट्रेडिशनल ड्रेस वॉक

बच्चे भारतीय पारंपरिक परिधान पहनकर रैंप वॉक कर सकते हैं. इससे उनमें मंच पर आने और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुति देने की क्षमता विकसित होगी.

  1. प्रॉमिस वॉल

क्लास में एक 'वचन दीवार' तैयार करें. बच्चे चार्ट पेपर पर अपने दोस्तों, परिवार या पर्यावरण की रक्षा से जुड़ा एक अच्छा वादा लिखकर उस पर चिपका सकते हैं.

  1. गेम- रिडल राउंड

रक्षाबंधन और भारतीय त्योहारों से जुड़ी आसान और मजेदार पहेलियों का रिडल राउंड कराया जा सकता है. बच्चों को टीम में बांटकर भी यह गेम खेला जा सकता है.

कक्षा 5 से 8 के लिए एक्टिविटीज

मिडिल स्कूल के छात्रों के लिए ऐसी गतिविधियां रखी जा सकती हैं, जिनमें क्रिएटिविटी के साथ-साथ सोचने, चर्चा करने और टीम में काम करने का मौका मिले.

  1. STEM राखी चैलेंज

छात्र वेस्ट मटेरियल, छोटी LED लाइट या अन्य सुरक्षित सामग्री का इस्तेमाल करके क्रिएटिव राखी तैयार कर सकते हैं. इसे विज्ञान और रचनात्मकता से जोड़कर एक प्रतियोगिता का रूप दिया जा सकता है.

  1. कविता और क्रिएटिव राइटिंग

छात्रों को 'यदि मैं एक राखी होता/होती' या 'भाई-बहन का प्यार' जैसे विषयों पर कविता, कहानी या छोटा निबंध लिखने के लिए कहा जा सकता है.

हल्द्वानी के DPS स्कूल में रक्षाबंधन प्रतियोगिता (PC-फेसबुक)
  1. ग्रीटिंग कार्ड और स्क्रैपबुक मेकिंग

छात्र अपने भाई या बहन के लिए हाथ से ग्रीटिंग कार्ड तैयार कर सकते हैं. पुरानी तस्वीरों और यादों से स्क्रैपबुक बनाने की एक्टिविटी भी कराई जा सकती है.

  1. ग्रुप डिस्कशन और डिबेट

रक्षाबंधन को सामाजिक मुद्दों से जोड़ते हुए छात्रों के बीच चर्चा कराई जा सकती है. उदाहरण के लिए, 'क्या रक्षाबंधन सिर्फ भाई-बहन तक सीमित है?' या 'क्या बहनें भी एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प ले सकती हैं?' जैसे विषय दिए जा सकते हैं.

  1. ट्रेजर हंट

स्कूल परिसर में अलग-अलग जगहों पर छोटे-छोटे सुराग छिपाए जाएं. छात्रों को पहेलियों और क्लू की मदद से अंतिम 'राखी सरप्राइज' तक पहुंचना होगा. इसे टीम गेम के रूप में कराया जा सकता है.

पूरे स्कूल के लिए कॉमन एक्टिविटीज

कुछ गतिविधियां ऐसी हैं, जिन्हें स्कूल के सभी बच्चे मिलकर कर सकते हैं.

राखी चैरिटी

बच्चे सुरक्षाकर्मियों, पुलिसकर्मियों या जरूरतमंद बच्चों के लिए राखियां तैयार कर सकते हैं. इससे त्योहार के साथ सेवा और सम्मान का संदेश भी दिया जा सकता है.

राखी थीम फोटो बूथ

स्कूल में राखी थीम पर एक छोटा फोटो बूथ बनाया जा सकता है. यहां 'Super Bhai', 'Best Sister' और 'Sibling Squad' जैसे मजेदार प्रॉप्स रखे जा सकते हैं.

मजेदार अवॉर्ड्स

बच्चों को छोटे हस्तनिर्मित बैज या सर्टिफिकेट दिए जा सकते हैं. जैसे- 'Best Sibling', 'Creative Rakhi Maker', 'Helpful Friend' और 'Best Team Player'.


ये भी पढ़ें: Raksha Bandhan 2026: सिर्फ भाई-बहन का त्योहार नहीं, विद्यार्थियों को भी देता है ये खास सीख


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शाम्भवी शिवानी

शाम्भवी शिक्षा, रोजगार, एडमिशन और सक्सेस स्टोरी पर खास नजर रखती हैं. उन्होंने प्रभात खबर के लिए कई UPSC और BPSC टॉपर्स के इंटरव्यू लिए हैं. साथ ही इस प्लेटफॉर्म के लिए AI एजुकेशन और करियर गाइडेंस पर एक्सपर्ट ओपनियन भी बनाती हैं. उनकी खासियत है कि वो डाटा रिलेटेड खबरों और फैक्ट्स को आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाती हैं. शाम्भवी को डिजिटल मीडिया में 3 सालों से अधिक का अनुभव है. प्रभात खबर से पहले वे राजस्थान पत्रिका और पटना स्थित न्यूज़ हाट में भी काम कर चुकी हैं. 

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >