Bihar Home Guard Vacancy: बिहार में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं तो आपके लिए काम की खबर है. राज्य सरकार ने नए साल में होमगार्ड के 13,500 नए पोस्ट पर भर्ती को मंजूरी दे दी है. बिहार से आने वाले युवाओं के लिए ये बड़ी खबर है. ऐसे में आइए जानते हैं कि ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया कब से शुरू होगी और होमगार्ड भर्ती के लिए क्या योग्यता चाहिए. साथ ही जानेंगे कि सेलेक्शन किस आधार पर होगा.
होमगार्ड भर्ती के लिए मुख्य डिटेल
बिहार होमगार्ड भर्ती के लिए आवेदन करने के लिए कैंडिडेट्स की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु सीमा 40 है. कैंडिडेट्स के पास 12वीं की डिग्री होनी चाहिए. कैंडिडेट्स जिस जिले के हैं, उसी जिले के लिए अप्लाई करना होगा. एक से ज्यादा जिले के लिए अप्लाई नहीं कर सकते हैं. आवेदन करने के समय सभी डॉक्यूमेंट्स जमा करना होगा.
बिहार होमगार्ड भर्ती, प्वॉइंटर्स में देखें जरूरी डिटेल
| मापदंड | डिटेल |
|---|---|
| न्यूनतम आयु | 19 वर्ष |
| अधिकतम आयु | 40 वर्ष |
| शैक्षणिक योग्यता | 12वीं पास |
| आवेदन क्षेत्र | अपने ही जिले के लिए आवेदन |
| मल्टीपल आवेदन | एक से ज्यादा जिले में आवेदन नहीं |
| डॉक्यूमेंट्स | आवेदन के समय सभी जरूरी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य |
मानदेय बढ़ सकता है
होमगार्ड जवानों को अब दैनिक कर्तव्य भत्ता 1121 रुपये प्रति कार्य दिवस दिया जाएगा, जो पहले की तुलना में काफी अधिक है. पहले दैनिक कर्तव्य भत्ता 744 रुपये था. यह बढ़ोतरी बिहार में सेवा देने वाले उम्मीदवारों के लिए आमदनी के बेहतर अवसर भी प्रदान करेगी.
कैसे होगा सेलेक्शन?
होमगार्ड की इस वैकेंसी के लिए चयन जिला स्तर पर होगा. जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी का गठन होगा. शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें दौड़ की अहम भूमिका है. फिजिकल टेस्ट में पास होने वाले कैंडिडेट्स के लिए अंतिम मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी.
यह भी पढ़ें- असिस्टेंट कमांडेंट के 349 पदों पर निकली भर्ती, जानें कबतक कर सकते हैं अप्लाई
