NEET Re Exam 2026: नीट यूजी 2026 री-एग्जाम से पहले एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. महाराष्ट्र के एक नीट अस्पिरेंट को भारत के बदले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र मिला है. इस घटना के बाद छात्र के परिवार वाले परेशान हैं. वहीं मीडिया में इस खबर के आने के बाद से एक बार फिर NTA की लापरवाही और नीट यूजी परीक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.
अबू धाबी का सेंटर मिलने से परिवार परेशान
महाराष्ट्र के नागपुर निवासी अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब को अबू धाबी का सेंटर मिला है. उनके पिता मोहम्मद तालिब ने मीडिया में बताया कि शुक्रवार शाम करीब 4 बजे जब उन्होंने एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसमें परीक्षा केंद्र के रूप में अबू धाबी के एक स्कूल का नाम दर्ज था. पहले तो वे काफी चौंक गए. लेकिन अब ये उनकी परेशानी का सबब बन गया है.
NTA ने कहा 20 जून शाम 4 बजे तक मिलेगा एडमिट कार्ड
उन्होंने कहा, एडमिट कार्ड देखने के बाद हम पूरी तरह हैरान रह गए. हमने परीक्षा केंद्र के लिए ऐसा कोई ऑप्शन नहीं चुना था. इसके बाद हमने हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया. वहां से हमें ईमेल भेजने को कहा गया. मोहम्मद तालिब के अनुसार, ईमेल भेजने के बाद NTA की ओर से फोन आया और बताया गया कि शनिवार यानी कि 20 जून 2026 शाम 4 बजे तक नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा.
नागपुर सेंटर की मांग की
इस छात्र ने परीक्षा के लिए तीन जिलों का ऑप्शन चुना था. हालांकि, पीड़ित परिवार चाहता है कि उनका सेंटर उन्हें नागपुर ही मिले ताकि उन्हें सेंटर पर पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
छात्र मानसिक रूप से परेशान
छात्र के पिता ने कहा कि परीक्षा केंद्र की जानकारी मिलने के बाद उनका बेटा काफी परेशान हो गया. वह इतना तनाव में आ गया है कि परीक्षा नहीं देना चाहता है. बाद में उसकी मां ने उसे समझाया. अगर वह कल तक मेंटली तैयार हो जाता है तो हम उसे एग्जाम दिलाने सेंटर पर ले जाएंगे.
21 जून को होगा NEET UG री-एग्जाम
गौरतलब है कि NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून को आयोजित किया जाना है. परीक्षा से ठीक पहले सामने आए इस मामले ने परीक्षा केंद्र आवंटन प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, NTA ने परिवार को नया एडमिट कार्ड जारी करने का आश्वासन दिया है.
NTA ने कहा मामला सुलझा लिया गया है
इस मामले पर फीडबैक देते हुए NTA की ओर से एक बयान जारी किया गया है. NTA के महानिदेशक (DG) अभिषेक सिंह ने मीडिया से कहा कि यह समस्या सुलझा ली गई है और संबंधित अभ्यर्थी को अब नागपुर में ही परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- NEET Re-Exam 2026 : कल फिर 22 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स देंगे परीक्षा, आज देशभर में मॉक ड्रिल
