NEET UG Re Exam 2026: आज नीट री-एग्जाम का आयोजन देशभर के कई केंद्रो पर किया जा रहा है. आपको याद होगा कि कल एक खबर सामने आई थी, जिसमें बताया गया था कि महाराष्ट्र के एक छात्र का सेंटर आबू धाबी दिया गया था. क्या आप जानना नहीं चाहेंगे कि ये नीट अस्पिरेंट कहां एग्जाम दे रहा है?
नागपुर के परीक्षा केंद्र से दे रहा एग्जाम
महाराष्ट्र के नागपुर निवासी अब्दुल्लाह मोहम्मद तालिब को अबू धाबी का सेंटर मिला था. हालांकि, शिकायतों के बाद NTA ने कहा था कि उनका सेंटर बदला जाएगा और अब्दुल्लाह नागपुर सेंटर पर एग्जाम दे रहे हैं.
21 जून की शाम जारी हुआ नया एडमिट कार्ड
NTA ने शनिवार यानी कि 21 जून 2026 को छात्र के लिए नया एडमिट कार्ड जारी करते हुए नागपुर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, अजनी को परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया. इसके बाद छात्र परीक्षा में शामिल होने के लिए नागपुर पहुंचा. नया परीक्षा केंद्र मिलने के बाद छात्र के पिता ने राहत व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में था.
NTA ने जारी किया ट्वीट
NTA ने इस मामले पर X पोस्ट करते हुए कहा कि उपलब्ध रिकॉर्ड के अनुसार परीक्षा शहर को अबू धाबी में बदलने का ऑप्शन खुद कैंडिडेट्स ने रजिस्ट्रर किया था. NTA ने कहा, “वेब गतिविधि रिकॉर्ड से पता चलता है कि ओपन करेक्शन विंडो के दौरान शहर में बदलाव अभ्यर्थी के रजिस्टर्ड लॉगिन के माध्यम से किया गया था. रिकॉर्ड में एक ही यूजर की लगातार गतिविधि दिखाई देती है.”
भविष्य में ऐसी गलती न हो: अभिभावक
छात्र के पिता ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी अन्य परिवार को इस तरह की परेशानी और मानसिक तनाव का सामना नहीं करना पड़े.
यह मामला सामने आने के बाद परीक्षा केंद्र आवंटन प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. हालांकि NTA की त्वरित कार्रवाई से छात्र को समय रहते नया केंद्र मिल गया और वह परीक्षा में शामिल हो पाया.
क्या था पूरा मामला?
छात्र को पहले संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था. इस टेक्निकल गड़बड़ी की परिवार ने शिकायत की थी, जिस पर NTA ने परिवार को एग्जाम सेंटर बदल दिए जाने का भरोसा दिलाया.
यह भी पढ़ें- रोते-रोते हुए बुरा हाल, सिर्फ 2 मिनट की देरी और मुंबई के दो छात्र को NEET देने से रोका गया
