UPSC Prelims 2026 Exam Tips: यूपीएससी सिविल सर्विस की प्रीलिम्स परीक्षा 24 मई 2026 को होगी. UPSC प्रीलिम्स (UPSC Prelims 2026) जैसे-जैसे करीब आता है, वैसे-वैसे ज्यादातर छात्रों के मन में एक डर बैठने लगता है. लगता है कि कुछ पढ़ा ही नहीं है. ऐसे हालात में एक तगड़े मोटिवेशन और परफेक्ट टिप्स की जरूरत होती है. UPSC प्रीलिम्स परीक्षा 4 बार क्रैक करने वाले IAS अभिषेक वशिष्ठ ने कुछ मास्टर टिप्स शेयर किए हैं.
IAS अभिषेक वशिष्ठ 2024 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. इससे पहले साल 2022 की परीक्षा में उन्हें IPS सर्विस मिला था. IAS अभिषेक 2019, 2020, 2022 और 2024 में UPSC प्रीलिम्स क्रैक कर चुके हैं. उनका मानना है कि प्रीलिम्स (UPSC Prelims 2026) के आखिरी 10 से 15 दिन पढ़ाई से ज्यादा खुद को संभालने के होते हैं.
UPSC Prelims 2026 Tips: आखिरी दिनों में टेस्ट नहीं, PYQs ज्यादा जरूरी
कई छात्र अंतिम दिनों में लगातार मॉक टेस्ट देने लगते हैं. एक टेस्ट खराब हो जाए तो आत्मविश्वास और गिर जाता है. अभिषेक वशिष्ठ कहते हैं कि इस समय जरूरत UPSC के पुराने सवाल यानी PYQs पर ज्यादा ध्यान देने की है. क्योंकि UPSC का सवाल (UPSC Prelims 2026) पूछने का तरीका बिल्कुल अलग होता है.
पुराने पेपर सॉल्व करना फायदेमंद
जब आप पिछले वर्षों के प्रश्न हल करते हैं, तब समझ आता है कि सवाल को पढ़ना कैसे है, उसमें छिपे ट्रैप को पहचानना कैसे है और सही ऑप्शन तक पहुंचना कैसे है. यही अभ्यास एग्जाम हॉल में सबसे ज्यादा मदद करता है. इसलिए आखिरी दिनों में बार-बार PYQs रिवाइज करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
नया पढ़ने की गलती बिल्कुल न करें
IAS अभिषेक का मानना है कि प्रीलिम्स से पहले कई बार दोस्तों या टेलीग्राम ग्रुप्स में नए टॉपिक्स और नई मैटेरियल की चर्चा शुरू हो जाती है. ऐसे में कई छात्र घबराकर नया पढ़ना शुरू कर देते हैं. लेकिन यही सबसे बड़ी गलती साबित हो सकती है. इस समय आपका सबसे बड़ा हथियार सिर्फ रिवीजन है. जो पढ़ चुके हैं, उसी को मजबूत कीजिए.
स्टैटिक सब्जेक्ट्स पर ज्यादा फोकस रखें
अभिषेक वशिष्ठ का कहना है कि आखिरी दिनों में स्टैटिक सब्जेक्ट्स पर पकड़ मजबूत करना बेहद जरूरी है. पॉलिटी, इकोनॉमिक्स, जियोग्राफी, मॉडर्न हिस्ट्री और एनवायरमेंट जैसे विषयों से हर साल अच्छा खासा हिस्सा पूछा जाता है.
करेंट अफेयर्स कैसे तैयार करें?
करेंट अफेयर्स जरूरी जरूर हैं, लेकिन उसके लिए किसी एक अच्छी कंपाइलेशन मैगजीन को रिवाइज करना काफी होता है. असली फोकस उन टॉपिक्स पर होना चाहिए जो हर साल बार-बार पूछे जाते हैं. जैसे पॉलिटी में संसद से जुड़े सवाल या एनवायरमेंट में नेशनल पार्क्स.
IAS अभिषेक वशिष्ठ की सक्सेस स्टोरी यहां देखें
CSAT को हल्के में लेना पड़ सकता है भारी
बहुत से छात्र GS पर इतना ध्यान देते हैं कि CSAT को लगभग छोड़ ही देते हैं. लेकिन पिछले कुछ सालों में CSAT का लेवल काफी मुश्किल हुआ है. कई अच्छे उम्मीदवार सिर्फ CSAT की वजह से बाहर हो जाते हैं.
अगर आपकी CSAT अच्छी है तो समय थोड़ा कम दे सकते हैं, लेकिन अगर थोड़ा भी डर लगता है तो रोज थोड़ा अभ्यास जरूर करें. मैथ्स, रीजनिंग और कॉम्प्रिहेंशन पर पकड़ बनाए रखना जरूरी है.
आखिरी मंत्र, शांत रहिए और खुद पर भरोसा रखिए
UPSC प्रीलिम्स (UPSC Prelims 2026) के आखिरी दिन सिर्फ किताबों की लड़ाई नहीं होते, बल्कि दिमाग और आत्मविश्वास की भी परीक्षा होते हैं. घबराहट होना सामान्य है, लेकिन उसी घबराहट के बीच खुद को शांत रखना सबसे जरूरी है. जितना हो सके रिवीजन कीजिए, PYQs पर फोकस रखिए और खुद को बार-बार याद दिलाइए कि आपने पूरे साल मेहनत की है.
यह भी पढ़ें: इंटर्नशिप के साथ UPSC की तैयारी, दूसरे प्रयास में यश्वी को AIR 97
