DBA Course Details: कॉपोरेट जगत में जब भी हायर एजुकेशन या मैनेजमेंट की सबसे बड़ी डिग्री की बात आती है, तो ज्यादातर लोगों के दिमाग में सिर्फ एमबीए या पीएचडी का नाम ही आता है. लेकिन पिछले कुछ सालों में बिजनेस की दुनिया में एक नया ट्रेंड बहुत तेजी से उभरा है, जिसे DBA यानी डॉक्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन कहा जाता है.
यह मैनेजमेंट के क्षेत्र में दी जाने वाली सर्वोच्च यानी सबसे बड़ी डिग्री है. इसे खासतौर पर उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो कॉपोरेट की दुनिया में एक लंबा वक्त बिता चुके हैं और अब अपने करियर को टॉप लीडरशिप या ग्लोबल लेवल पर ले जाना चाहते हैं. आइए इस नई पावर-डिग्री (DBA Course) के बारे में सब कुछ आसान भाषा में समझते हैं.
क्या है DBA और यह ट्रेडिशनल कोर्सेज से कैसे अलग है?
DBA का मतलब ‘डॉक्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन’ है. यह बिजनेस की दुनिया की डॉक्टरेट डिग्री है. जैसे साइंस या आर्ट्स में लोग रिसर्च के लिए पीएचडी करते हैं, वैसे ही मैनेजमेंट और कॉपोरेट सेक्टर के सीनियर लोग अपने प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस को एकेडमिक पहचान देने के लिए डीबीए करते हैं. इसमें इस बात पर रिसर्च की जाती है कि असल जिंदगी में बिजनेस के सामने आने वाली मुश्किलों को नए आइडियाज और रणनीतियों से कैसे सुलझाया जाए.
MBA vs DBA: जानिए दोनों में मुख्य अंतर क्या है?
एमबीए (MBA): यह एक पोस्टग्रेजुएट डिग्री है. इसे छात्र ग्रेजुएशन के तुरंत बाद या 1 से 2 साल के वर्क एक्सपीरियंस के बाद कर सकते हैं. इस कोर्स में मैनेजमेंट के बुनियादी नियम सिखाए जाते हैं जो करियर की शुरुआत के लिए अच्छे होते हैं.
डीबीए (DBA): यह एमबीए से बहुत ऊपर के लेवल की डिग्री है. DBA Course एक पोस्ट एमबीए या एग्जीक्यूटिव डॉक्टरेट प्रोग्राम है. इसमें एडमिशन के लिए आमतौर पर एमबीए की डिग्री के साथ कम से कम 3 से 5 साल का कॉपोरेट वर्किंग एक्सपीरियंस मांगा जाता है.
क्या DBA पूरा करने के बाद नाम के आगे डॉक्टर लगा सकते हैं?
डीबीए एक ऑफिशियल और पूरी तरह मान्यता प्राप्त डॉक्टरेट लेवल की डिग्री है. इसलिए इस कोर्स (DBA Course) को पूरा करने के बाद आप अपने नाम के आगे Dr (डॉक्टर) लगा सकते हैं. कॉपोरेट बोर्डरूम्स और इंटरनेशनल बिजनेस कम्युनिटी में डीबीए होल्डर्स को वही सम्मान मिलता है जो किसी पीएचडी स्कॉलर को दिया जाता है.
भारत में कहां से कर सकते हैं यह DBA Course?
भारत में पारंपरिक रूप से आईआईएम (IIMs) सीधे DBA नाम से नहीं, बल्कि इसके समकक्ष FPM (फेलो प्रोग्राम इन मैनेजमेंट) या Executive FPM कराते हैं, जो डीबीए के ही बराबर है. इसके अलावा कई टॉप संस्थान विदेशी यूनिवर्सिटीज के साथ कोलैबोरेशन करके ऑनलाइन और हाइब्रिड मोड में डीबीए कराते हैं:
- IIM अहमदाबाद, बैंगलोर और कोलकाता: यहां एग्जीक्यूटिव FPM कोर्स होता है जो कामकाजी लोगों के लिए DBA के समान है.
- ISB (इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस), हैदराबाद: यहां ‘एग्जीक्यूटिव डॉक्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन’ (EDBA) का प्रोग्राम चलता है.
- SPJIMR (मुंबई) और BITS पिलानी: ये इंस्टीट्यूट भी वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए इस स्तर के प्रोग्राम ऑफर करते हैं.
- अपग्रेड (upGrad) / सिम्बायोसिस: ये प्लेटफॉर्म्स फ्रांस की ‘Golden Gate University’ जैसी विदेशी यूनिवर्सिटीज के साथ मिलकर भारत में ऑनलाइन DBA डिग्री करवाते हैं.
यह भी पढ़ें: UPSC Prelims परीक्षा में अपनाएं ये लास्ट मिनट टिप्स, मिलेगा बड़ा फायदा
