Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बल नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. तो वहीं नक्सली भी वारदात को अंजाम देने से पीछे नहीं हैं. ताजा मामला प्रदेश के बीजापुर जिले का है, जहां आज यानी रविवार को कथित तौर पर नक्सलियों की ओर से किये गये आईईडी विस्फोट में एक युवक घायल हो गया. पुलिस ने बताया कि नक्सलियों ने आईईडी को पहले से ही लगा रखा था. युवक ने जैसे ही उसपर अपना पैर रखा विस्फोट हो गया.
दरअसल, नंदा छुटवाई और गुंडम के बीच तोयनाला गांव के पास सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. रविवार को युवक उसी रास्ते से गुजर रहा था. इस दौरान किसी कारण वश वो सड़क के किनारे चला गया, जहां नक्सलियों ने आईईडी लगा रखा था. जैसे ही उसका पैर एक प्रेशर आईईडी पर पड़ा वहां विस्फोट हो गया और उसके पैर में गंभीर चोट आई.
घायल युवक अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने बताया कि पीड़ित को सुरक्षाकर्मियों की एक टीम चिन्नागेलुर शिविर लेकर आई, जहां उसका प्रारंभिक उपचार किया गया. इसके बाद उसे उसे बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.
दो महीनों में पांच लोगों की मौत
गौरतलब है कि नक्सली बस्तर क्षेत्र के अंदरूनी इलाकों में गश्त कर रहे सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाने के लिए सड़कों के किनारे, निर्माणाधीन सड़कों और कच्चे रास्तों पर आईईडी लगाते हैं. पुलिस की ओर से दिए आंकड़ों के मुताबिक, बीते दो महीनों में बीजापुर में आईईडी विस्फोटों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है. कई लोग घायल भी हुए हैं.
इस साल 114 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने किया ढेर
छत्तीसगढ़ में सुरक्षा बलों की ओर से नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. अलग-अलग मुठभेड़ों में अब तक 114 नक्सली मारे जा चुके हैं. इससे पहले 10 मई को बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए थे. जबकि, 30 अप्रैल को नारायणपुर और कांकेर की सीमा पर सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 3 महिलाओं सहित 10 नक्सली मारे गए थे. इसके अलावा, सुरक्षाबलों ने 16 अप्रैल को कांकेर जिले में मुठभेड़ में 29 नक्सलियों को मार गिराया था. भाषा इनपुट के साथ
Also Read: Heat Wave: मतदान समाप्त होते ही एक्शन में पीएम मोदी, हीटवेव और बाढ़ की स्थिति पर बड़ी बैठक
