Indian Stock Market 2 April 2026: गुरुवार सुबह भारतीय शेयर बाजार के लिए किसी झटके से कम नहीं रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा भाषण के बाद इन्वेस्टर्स में डर का माहौल बन गया, जिसका सीधा असर दलाल स्ट्रीट पर दिखा है. बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में 2% से ज्यादा की भारी गिरावट दर्ज की गई.
क्या हुआ बाजार के साथ?
ANI की रिपोर्ट के अनुसार, जैसे ही सुबह 9:16 बजे बाजार खुला, BSE सेंसेक्स 1518.29 अंक गिरकर 71,616.03 पर आ गया. वहीं, NSE निफ्टी 50 में भी 462.50 अंकों की बड़ी गिरावट देखी गई और यह 22,216.90 के स्तर पर पहुंच गया. पिछले दिन की सारी बढ़त चंद मिनटों में ही हवा हो गई.
क्यों टूटा इन्वेस्टर्स का भरोसा?
बाजार को उम्मीद थी कि ट्रंप अपने भाषण में मिडिल ईस्ट के तनाव को कम करने या सीजफायर जैसी कोई बड़ी घोषणा करेंगे. लेकिन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप ने वही पुरानी बातें दोहराईं और ईरान को चेतावनी दी. बैंकिंग एक्सपर्ट अजय बग्गा का कहना है कि बाजार में निराशा इसलिए है क्योंकि कुछ भी नया नहीं कहा गया है. युद्ध रुकने के आसार नहीं दिख रहे और अगले 2-3 हफ्ते तनाव जारी रहने की बात कही गई है.”
कच्चे तेल की कीमतों का क्या असर हुआ?
युद्ध की आशंका और सप्लाई रुकने के डर से कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतें फिर से आसमान छूने लगी हैं. ब्रेंट क्रूड 105 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है. विवेक करवा जैसे एक्सपर्ट्स का मानना है कि जब तक युद्ध खत्म होने की स्पष्ट खबर नहीं आती, तेल की कीमतें भारतीय बाजार पर दबाव बनाए रखेंगी.
अब आगे क्या है रास्ता?
कोटक सिक्योरिटीज के श्रीकांत चौहान के मुताबिक, अब बाजार के लिए 22,250 और 22,000 (निफ्टी) के स्तर बहुत महत्वपूर्ण हैं. अगर बाजार इन लेवल्स से नीचे गिरता है, तो गिरावट और गहरी हो सकती है. फिलहाल इन्वेस्टर्स को काफी सावधानी बरतने की जरूरत है क्योंकि अगले कुछ दिन उतार-चढ़ाव भरे रहने वाले हैं.
ये भी पढ़ें: सोना-चांदी फिर हुआ महंगा, जानिए आपके शहर के लेटेस्ट रेट्स
