Stock Market: दो दिनों की गिरावट और छुट्टियों के बाद, भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को शानदार वापसी की. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1.64% की बढ़त के साथ 78,111.24 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 389 अंक चढ़कर 24,231.30 पर पहुंच गया. बाजार की इस तेजी के पीछे वैश्विक कूटनीति और ऊर्जा कीमतों में आई नरमी सबसे बड़े कारण रहे.
ब्रेंट क्रूड में गिरावट और ट्रंप का बयान
बाजार में आई इस हरियाली का सबसे बड़ा ट्रिगर ब्रेंट क्रूड की कीमतों का गिरकर 95.74 डॉलर प्रति बैरल पर आना रहा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान ने निवेशकों को बड़ी राहत दी, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान के साथ युद्ध “समाप्ति के करीब” है और दोनों देशों के बीच वार्ता फिर से शुरू हो सकती है. कच्चे तेल के सस्ता होने से भारत जैसे तेल-आयातक देशों की अर्थव्यवस्था पर दबाव कम होता है, जिसका सीधा असर ऑटो और एविएशन जैसे सेक्टर्स पर दिखा.
इन शेयरों ने मारी बाजी, ये रहे पीछे
आज के कारोबार में इंडिगो (InterGlobe Aviation) और आईटी दिग्गजों का बोलबाला रहा.
- टॉप गेनर्स (Top Gainers): इंडिगो, पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, TCS और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखी गई.
- टॉप लूजर्स (Top Losers): दूसरी तरफ, बैंकिंग और टेलीकॉम सेक्टर में कुछ मुनाफावसूली रही, जिससे भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए.
वैश्विक बाजारों का सकारात्मक रुख
भारतीय बाजार अकेले नहीं थे जहां तेजी देखी गई, एशिया के अन्य प्रमुख बाजारों जैसे दक्षिण कोरिया के कॉस्पी, जापान के निक्की और चीन के शंघाई कम्पोजिट में भी बढ़त रही. अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को रही तेजी ने भी भारतीय निवेशकों के मनोबल को बढ़ाया. विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से निवेशकों की ‘रिस्क लेने की क्षमता’ (Risk Appetite) फिर से लौट आई है.
Also Read: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर फिर बातचीत, भारतीय डेलिगेशन अगले हफ्ते वॉशिंगटन जाएगा
