शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 149 अंक लुढ़का, जानें कैसी रहेगी बाजार की चाल

share market news: शेयर बाजारों में लगातार चौथे दिन गिरावट, सेंसेक्स 149 अंक लुढ़का, जानें कैसी रहेगी बाजार की चाल...

share market news: पूर्वी यूरोप में व्याप्त भू-राजनीतिक तनाव की वजह से घरेलू शेयर बाजार (Share Market News Update) सोमवार को लगातार चौथे कारोबारी दिन भी दबाव में रहे. दोनों मानक सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए. कारोबारियों ने कहा कि विदेशी कोषों की निकासी बने रहने से भी घरेलू शेयर बाजारों (Share Market Prices Today) पर दबाव बना रहा.

शुरुआती कारोबार में 700 अंक गिरा था बाजार

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स एशियाई बाजारों के असर में शुरुआती कारोबार में करीब 700 अंक गिर गया था, लेकिन बाद में यह कुछ हद तक सकारात्मक स्थिति में लौटा. इसके बावजूद कारोबार के अंत में सेंसेक्स (SENSEX) 149.38 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 57,683.59 अंक पर बंद हुआ.

सेंसेक्स के 30 में 21 शेयर नुकसान में

इसी तर्ज पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NIFTY) भी 69.65 अंक यानी 0.40 प्रतिशत गिरकर 17,206.65 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स में शामिल तीस में से 21 शेयर नुकसान के साथ बंद हुए. सन फार्मा, टीसीएस, आईटीसी, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और टाइटन के शेयरों को 2.39 प्रतिशत तक नुकसान उठाना पड़ा. इसके उलट सेंसेक्स के शेयरों में से आईटी क्षेत्र की विप्रो और इंफोसिस लाभ में रहीं. पावरग्रिड, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और मारुति सुजुकी के शेयर भी 1.45 प्रतिशत तक के लाभ में रहे.

Also Read: 22 साल पीछे जाने वाला है शेयर बाजार! Jefferies के ग्लोबल हेड ने मार्केट क्रैश करने की जतायी आशंका

यूक्रेन संकट का बाजार पर असर

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच यूक्रेन संकट को लेकर मुलाकात की संभावना से बाजार को थोड़ी राहत मिली. हालांकि, वैश्विक बाजारों में अनिश्चितता हावी होने से शेयरों पर दबाव देखने को मिल रहा है.

कारोबार से दूर रहे निवेशक

नायर ने कहा, ‘ऐसी स्थिति में निवेशकों ने कारोबार से दूरी बनाये रखी, जिससे कारोबार की मात्रा पर असर पड़ा. आने वाले दिनों में फेडरल रिजर्व की प्रस्तावित बैठक और 5 विधानसभा चुनावों के नतीजे आने से उठापटक का दौर बना रह सकता है.’

Also Read: Share Market Update: वैश्विक धुन पर झूम रहा बाजार, उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 145 अंक टूटा

इंतजार करो और देखो का रुख बाजार पर हावी

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि बाजारों में ‘फिलहाल इंतजार करो एवं देखोे’ का रुख हावी है. वे रूस-यूक्रेन संकट से जुड़े संकेतों पर करीबी निगाह रखे हुए हैं. खंडवार प्रदर्शन की बात करें, तो बीएसई के तेल एवं गैस, धातु, बुनियादी सामान, रियल्टी और स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्रों को 2.18 फीसदी का नुकसान उठाना पड़ा.

बीएसई का स्मालकैप सूचकांक 2.20 प्रतिशत लुढ़का

बीएसई का स्मालकैप सूचकांक 2.20 प्रतिशत लुढ़क गया, जबकि मिडकैप सूचकांक में 0.80 प्रतिशत और लार्जकैप सूचकांक में 0.59 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी. एशिया के बाजारों में भी नुकसान की स्थिति दर्ज की गयी. शुरुआती कारोबार में तो एशियाई बाजारों को तगड़ा नुकसान हुआ था, लेकिन बाद में रूस और अमेरिका के बीच यूक्रेन विवाद पर बातचीत की उम्मीद पैदा होने से हालात कुछ बेहतर हुए.

Also Read: दलाल पथ का ‘ब्लैक मंडे’, रूस-यूक्रेन तनाव से सेंसेक्स 1,747 अंक टूटा, निवेशकों के 8.47 लाख करोड़ डूबे

ब्रेंट क्रूड में गिरावट, रुपया 11 पैसे मजबूत

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड गिरावट के साथ 91.43 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर कारोबार कर रहा था. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार के मोर्चे पर रुपया अमेरिकी डॉलर की तुलना में 11 पैसे की मजबूती के साथ 74.55 प्रति डॉलर के भाव पर रहा. विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय बाजारों में बिकवाली का सिलसिला जारी रखा है. शेयर बाजार से मिली जानकारी के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को 2,529.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Agency

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >