Rules Change: 1 मार्च से आम लोगों की रोज़मर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम नियम बदल सकते हैं. मैसेजिंग ऐप्स से लेकर यूपीआई पेमेंट, बैंक बैलेंस, गैस सिलेंडर और किराए के मकान तक. हर क्षेत्र में कुछ नए बदलाव देखने को मिल सकते हैं. इन नियमों को समझना जरूरी है, वरना छोटी सी लापरवाही भी परेशानी खड़ी कर सकती है.
WhatsApp और Telegram पर सिम बाइंडिंग नियम
WhatsApp और Telegram पर “सिम बाइंडिंग” नियम लागू हो सकता है. सीधी भाषा में समझें तो जिस नंबर से आपका अकाउंट बना है, वही सिम आपके फोन में लगी होनी चाहिए. अगर आपने सिम निकाल दी, बंद हो गई या किसी और फोन में डाल दी, तो आपका अकाउंट बंद हो सकता है. सरकार का कहना है कि इससे फर्जी अकाउंट और ऑनलाइन ठगी कम होगी. जो लोग लैपटॉप पर WhatsApp Web चलाते हैं, उन्हें बार-बार दोबारा लॉगिन करना पड़ सकता है.
रेलवे टिकट के लिए नया ऐप
रेलवे टिकट बुकिंग को आसान बनाने के लिए नया ऐप लॉन्च करने की तैयारी है. माना जा रहा है कि पुराने सिस्टम की जगह एक नया प्लेटफॉर्म लाया जाएगा, जहां जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल ट्रैवल जैसी सुविधाएं एक ही जगह मिल सकेंगी. इससे बार-बार ओटीपी, कैप्चा और पासवर्ड जैसी दिक्कतें कम हो सकती हैं और टिकट बुकिंग प्रक्रिया पहले से ज्यादा सरल और तेज हो सकती है.
एलपीजी सिलेंडर के दाम
हर महीने की तरह 1 मार्च को भी तेल कंपनियां गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करेंगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है. घरेलू उपभोक्ताओं को भी कीमतों पर नजर बनाए रखनी चाहिए, खासकर त्योहारों से पहले.
बैंक मिनिमम बैलेंस नियम में राहत
कई सरकारी बैंक न्यूनतम बैलेंस के नियम में बदलाव कर सकते हैं. अभी तक नियम यह था कि यदि किसी एक दिन भी अकाउंट में तय राशि से कम पैसा रहा, तो पेनल्टी लग सकती थी. अब प्रस्तावित बदलाव के अनुसार बैंक पूरे महीने के औसत बैलेंस (Average Monthly Balance) के आधार पर तय करेंगे कि जुर्माना लगेगा या नहीं. इससे ग्राहकों को राहत मिल सकती है और बिना वजह कटने वाले चार्ज कम हो सकते हैं.
₹2000 से ऊपर UPI ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त सुरक्षा
डिजिटल पेमेंट प्लेटफॉर्म National Payments Corporation of India द्वारा संचालित UPI सिस्टम में भी बदलाव संभव है. रिपोर्ट्स के अनुसार ₹2000 से अधिक के लेनदेन पर अतिरिक्त सुरक्षा जांच हो सकती है. यदि ट्रांजैक्शन नए डिवाइस, नई लोकेशन या असामान्य राशि से जुड़ा होगा, तो ऐप दोबारा पिन डालने या अतिरिक्त कन्फर्मेशन मांग सकता है. यह कदम बढ़ते यूपीआई फ्रॉड को रोकने के लिए उठाया जा रहा है.
Also Read: फिर महंगा हुआ सोना, चांदी की कीमतों में आई गिरावट, जानें आज के ताजा रेट्स
